देश की खबरें | भाजपा हरियाणा विधानसभा चुनाव में पूर्ण बहुमत से जीत हासिल करेगी: खट्टर

चंडीगढ़, नौ जुलाई हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने रविवार विश्वास जताया कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) राज्य के विधानसभा चुनाव में पूर्ण बहुमत से जीत हासिल करेगी। उन्होंने संकेत दिया कि अगले साल होने वाले चुनाव में पार्टी अकेले मैदान में उतर सकती है।

हरियाणा में सत्तारूढ़ भाजपा और जननायक जनता पार्टी (जजपा) के बीच मतभेद के संकेतों के बीच खट्टर का यह बयान आया है।

भाजपा और जजपा ने अभी यह स्पष्ट नहीं किया है कि वह 2024 का लोकसभा चुनाव साथ लड़ेंगी या नहीं।

पिछले साल आदमपुर सीट पर हुए उपचुनाव में जीत के बाद 90 सदस्यीय विधानसभा में भाजपा विधायकों की संख्या 41 हो गई। पार्टी ने 2019 में जजपा के समर्थन से सरकार बनाई थी, जिसके 10 विधायक हैं।

खट्टर ने कालका में एक कार्यक्रम में भाजपा कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि 2014 में हरियाणा में पूर्ण बहुमत की सरकार बनी थी, लेकिन 2019 में भाजपा पूर्ण बहुमत पाने में नाकाम रही।

उन्होंने कहा, “2024 में देश और राज्य में तीसरी बार सरकार बनाने के लिए सभी को अभी से मेहनत करनी होगी। इस बार हम राज्य में पिछले विधानसभा चुनाव में रह गई कमी को पूरा करेंगे और पूर्ण बहुमत के साथ सरकार बनाएंगे।''

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)