देश की खबरें | पांच राज्यों में विधानसभा चुनावों में भाजपा प्रचंड बहुमत से जीतेगी : नकवी

खंडवा (मध्य प्रदेश), 11 अक्टूबर पूर्व केंद्रीय मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी ने कहा है कि भाजपा सुशासन, समावेशी सशक्तिकरण और मजबूत राष्ट्रीय सुरक्षा के दम पर मध्य प्रदेश में सत्ता बरकरार रखेगी और चार अन्य राज्यों में भी भारी बहुमत से विधानसभा चुनाव जीतेगी।

चुनाव आयोग के अनुसार, छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश, राजस्थान, तेलंगाना और मिजोरम में 7 से 30 नवंबर के बीच मतदान होगा और वोटों की गिनती तीन दिसंबर को होगी। मध्य प्रदेश में 17 नवंबर को एक चरण में मतदान होगा।

एक विज्ञप्ति में नकवी के हवाले से बुधवार को कहा गया, ‘‘ भाजपा को अपने सुशासन, समावेशी सशक्तिकरण और राष्ट्रीय सुरक्षा के रिपोर्ट कार्ड के कारण मध्य प्रदेश और अन्य सभी राज्यों में प्रचंड बहुमत मिलेगा।"

नकवी जिले के हरसूद और मांधाता विधानसभा क्षेत्रों में विभिन्न चुनावी सभाओं को संबोधित करने के लिए खंडवा पहुंचे थे।

नकवी ने भाजपा की जिला कोर कमेटी के सदस्यों, पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से भी बातचीत की।

उन्होंने कहा, ‘‘ "आजादी के बाद पहली बार, कोई गैर-कांग्रेसी सरकार राष्ट्रीय सुरक्षा, गरिमा, स्थिरता और सुशासन सुनिश्चित करते हुए केंद्र में अपने लगातार दो कार्यकाल सफलतापूर्वक पूरे कर रही है। यह प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के गतिशील और निर्णायक नेतृत्व में तीसरे कार्यकाल की ओर बढ़ रही है।"

उन्होंने कहा कि भारत 2014 से पहले एक कठिन दौर से गुजर रहा था और लगभग हर पखवाड़े देश के किसी न किसी हिस्से में आतंकवादी हमले होते थे, जिसमें कई निर्दोष लोगों की जान चली जाती थी।

भाजपा नेता ने कहा, ‘‘ लेकिन प्रधानमंत्री मोदी ने आतंकवाद के खिलाफ शून्य-सहिष्णुता की नीति अपनाई, जिसने आतंकवाद और उसके आकाओं की कमर तोड़ दी। मोदी सरकार ने देश को 'आपदा' (कोविड-19 महामारी) और 'आतंक' (आतंकवाद) दोनों से बचाया है।"

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)