कोलकाता, 10 मार्च पश्चिम बंगाल विधानसभा में विपक्ष के नेता शुभेंदु अधिकारी ने कहा है कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) हिंदू उपासना स्थलों पर कथित हमलों का मुद्दा मंगलवार को पश्चिम बंगाल विधानसभा में उठाएगी।
अधिकारी ने विधानसभा के अंदर अपने कार्यालय में भाजपा विधायक दल की एक बैठक में शामिल हुए। उन्होंने संवाददाताओं से कहा, ‘‘हमारे विधायक हाल के दिनों में बंगाल के विभिन्न हिस्सों में हिंदू धार्मिक स्थलों पर हुए हमलों के संबंध में 11 मार्च को सदन में एक स्थगन प्रस्ताव लाएंगे।’’
उन्होंने कहा, ‘‘चूंकि मैं निलंबित हूं और हमारे विधायकों को चुप कराने का प्रयास किया जा रहा है, इसलिए हम (हिंदू धार्मिक स्थलों पर हमलों का) मुद्दा विधानसभा के भीतर ही नहीं बल्कि सदन के बाहर भी उठाएंगे।’’
अधिकारी ने यह भी घोषणा की कि भाजपा बुधवार को विधानसभा में यादवपुर विश्वविद्यालय में जारी अशांति को उजागर करेगी। बाद में, उन्होंने और लगभग 30 भाजपा विधायकों ने तख्तियों के साथ प्रदर्शन किया, जिन पर टूटी हुई मूर्तियों और क्षतिग्रस्त दीवारों की कथित तस्वीरें थीं। इन तस्वीरें के नीचे दक्षिण 24 परगना के बरुईपुर, पूर्व मेदिनीपुर के तमलुक और मुर्शिदाबाद के पटिकाबारी जैसे स्थानों के नाम लिखे थे।
अधिकारी ने कहा, "इस्लामी जिहादी तत्व पश्चिम बंगाल के विभिन्न हिस्सों में हिंदू उपासना स्थलों पर हमला कर रहे हैं और तुष्टिकरण से प्रेरित तृणमूल कांग्रेस सरकार आंखें मूंदे बैठी है। हम राज्य को बांग्लादेश नहीं बनने देंगे।’’
इसके बाद, भाजपा विधायकों ने विधानसभा से लगभग 1.5 किलोमीटर दूर राजभवन तक जुलूस निकाला, जहां उन्होंने कुछ समय के लिए गेट के बाहर प्रदर्शन किया।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY