नयी दिल्ली, 28 मार्च भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) महिला मोर्चा शनिवार को राष्ट्रीय राजधानी में एक कार्यक्रम आयोजित करके तमिलनाडु के शिवगंगा की रानी वेलु नचियार को श्रद्धांजलि देगी।
नचियार को अंग्रेजों के खिलाफ युद्ध छेड़ने वाली पहली महिला शासक का श्रेय दिया जाता है।
कार्यक्रम में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और राजस्थान की उपमुख्यमंत्री दीया कुमारी के अलावा भाजपा की कई अन्य महिला नेता भी मौजूद रहेंगी।
यह कार्यक्रम देश भर में प्रमुख क्षेत्रीय हस्तियों को सम्मानित करने की पार्टी की कवायद के तहत आयोजित किया जा रहा है, जिसे तमिलनाडु तक पहुंच बनाने के तौर पर देखा जा रहा है, जहां अगले साल की पहली छमाही में विधानसभा चुनाव होने हैं।
एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए भाजपा महिला मोर्चा की उपाध्यक्ष पूजा कपिल मिश्रा ने कहा कि संगठन ने 75 साहसी महिलाओं के योगदान को सामने लाने के लिए विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए हैं, जिनमें से कई के बारे में बहुत कम लोग जानते हैं।
एक प्रश्न के उत्तर में उन्होंने कहा कि भाजपा देश के विभिन्न हिस्सों को जोड़ने के लिए इस तरह के कार्यक्रम आयोजित करती रही है और इसका उद्देश्य तमिलनाडु पर ध्यान केंद्रित करना नहीं है।
मिश्रा ने कहा कि नचियार के वंशज इस कार्यक्रम में भाग लेने के लिए दिल्ली आएंगे।
उन्होंने कहा कि महिला मोर्चा अपने सदस्यों सहित अनेक महिलाओं को सम्मानित करेगा, जिन्होंने कल्याणकारी योजनाओं को बढ़ावा देने जैसी संगठनात्मक गतिविधियों में अग्रणी भूमिका निभाई है।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी अक्सर 18वीं सदी की रानी नचियार की प्रशंसा करते रहे हैं तथा उन्हें ब्रिटिश शासन के खिलाफ लड़ने वाली प्रेरणादायक शख्सियतों में से एक बताया है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY