देश की खबरें | संविधान को बदलना और चुनावी प्रक्रिया को खत्म करना चाहती है भाजपा: डोटासरा

जयपुर, आठ अप्रैल कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने सोमवार को आरोप लगाया कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) '400 पार' का नारा देकर लोगों को बरगलाना चाहती है ताकि वह संविधान में संशोधन कर चुनाव प्रक्रिया और लोकतंत्र को खत्म कर सके।

इसके साथ ही उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा लोकसभा चुनाव प्रचार के दौरान दी जा रही 'गारंटी' को 'जुमला' करार देते हुए सोमवार को दावा कि‍या क‍ि देश की जनता को केवल कांग्रेस के ‘घोषणापत्र व गारंटियों' पर ही भरोसा है।

डोटासरा ने यहां संवाददाताओं से बातचीत में कहा,‘‘ये भाजपा नेता '400 पार' की बात इसलिये कर रहे हैं कि ये संविधान को, बाबा साहब के दिये हुए संविधान को बदलना चाहते हैं…इन चुनाव को खत्म करना चाहते हैं... प्रजातंत्र को खत्म करना चाहते हैं।’’

उन्होंने कहा कि उनका इरादा है कि अबकी बार वे अगर आ गये तो दोबारा चुनाव नहीं कराना पड़े, वे इस प्रकार कि व्यवस्था कर देंगे कि किसी के लिये वोट की या जनता से वादे करने के आवश्यकता नहीं होगी।

उन्होंने कहा कि इस प्रकार की सोच के साथ ये भाजपा के लोग आगे बढ़ रहे हैं।

डोटासरा ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा लोकसभा चुनाव प्रचार के दौरान दी जा रही 'गारंटी' को 'जुमला' करार देते दावा कि‍या क‍ि देश की जनता को केवल कांग्रेस के ‘घोषणापत्र व गारंटियों' पर ही भरोसा है।

उन्‍होंने कहा,‘‘देश के प्रधानमंत्री जी कह रहे हैं कि यह ‘मोदी की गारंटी’ है, लेकिन वह जुमला है, वह झूठ है, वह कभी लागू नहीं होगा।’’

उन्होंने कहा कि दो करोड़ लोगों को प्रति वर्ष नौकरी देने का वादा मोदी जी ने किया था जो आज तक पूरा नहीं हुआ, हर व्यक्ति के खाते में 15 लाख रुपये भेजने की बात भी आज तक जुमला ही है।

कांग्रेस नेता के अनुसार, तेलंगाना, राजस्थान, हिमाचल प्रदेश व कर्नाटक में कांग्रेस ने अपनी सरकार बनने से पहले जो गारंटी दी थी वे वे सारी की सारी गारंटियां पूरी की गई हैं।

डोटासरा ने कहा, ‘‘कांग्रेस का जो घोषणापत्र है, जो गारंटियां हैं उस पर देश की जनता पूरा विश्वास करती है और मोदी जी के जुमलों और गारंटियों पर कतई विश्वास नहीं है। ... क्योंकि वे केवल चुनाव में आकर भाषण देते हैं और अपनी गारंटी बताते हैं और उसके बाद वे गायब हो जाते हैं। फिर वे चुनाव के समय ही दोबारा आते हैं।’’

डोटासरा ने कहा कि कांग्रेस ने बांसवाड़ा लोकसभा सीट और बागीदौरा विधानसभा उपचुनाव में भारतीय आदिवासी पार्टी को समर्थन दिया है क्यों पार्टी आलाकमान को लगा कि वहां पर एक उम्मीदवार होने से ही भाजपा हारेगी।

कुंज पृथ्वी

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)