देश की खबरें | 'द्वारे सरकार' अभियान के खिलाफ लोगों को भड़काने का प्रयास कर रही भाजपा : बंगाल के मंत्री
एनडीआरएफ/प्रतीकात्मक तस्वीर (Photo Credits: ANI)

कोलकाता, पांच दिसंबर पश्चिम बंगाल के श्रम मंत्री मलय घटक ने शनिवार को आरोप लगाया कि भाजपा समस्या खड़ी करने के लिए ''द्वारे सरकार'' अभियान के खिलाफ लोगों को भड़काने का प्रयास कर रही है। हालांकि, भाजपा ने इस आरोप को खारिज किया है।

घटक ने कहा कि राज्य सरकार की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ लोगों तक पहुंचाने में सहायता के लिए चलाए जाने वाले ''द्वारे सरकार'' कार्यक्रम के तहत राज्यभर में 759 शिविर का संचालन किया जा रहा है और लाखों लोग अब तक इसका लाभ उठा चुके हैं।

यह भी पढ़े | Farmers Protest: किसान नेताओं और सरकार के बीच बैठक खत्म, नहीं निकला कोई हल, 9 दिसंबर को फिर होगी बातचीत.

उन्होंने संवाददाताओं से कहा, '' हालांकि, भाजपा की तरह कुछ राजनीतिक दलों के नेता समस्या उत्पन्न करने के लिए कई स्थानों पर लोगों को भड़का रहे हैं। इस कार्यक्रम में भाजपा को कुछ भी अच्छा दिखाई नहीं दे सकता है। वे नहीं चाहते कि जनता को कल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्राप्त हो सके।''

वहीं, तृणमूल कांग्रेस के आरोपों को खारिज करते हुए भाजपा के वरिष्ठ नेता जयप्रकाश मजूमदार ने कहा कि भगवा दल के कार्यकर्ता द्वारे सरकार अभियान में किसी तरह की बाधा पहुंचाने में शामिल नहीं हैं । उन्होंने आरोप लगाया कि इसको लेकर तूणमूल कांग्रेस में ही अदरुनी कलह है।

यह भी पढ़े | Farmers Protest: अभिनेता दिलजीत दोसांझ की मांग, कहा- किसानों की मांगे माने सरकार.

भाजपा की पश्चिम बंगाल इकाई के अध्यक्ष दिलीप घोष ने शुक्रवार को आरोप लगाया था कि द्वारे सरकार कार्यक्रम अगले साल अप्रैल-मई में प्रस्तावित विधानसभा चुनाव से पहले तूणमूल कांग्रेस की ''प्रचार की कवायद'' है।

ममता बनर्जी सरकार ने इस कार्यक्रम की शुरुआत जनता को राज्य सरकार द्वारा उपलब्ध कराई जाने वाली 11 कल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्राप्त करने में मदद के लिए की है। अभियान अगले साल 30 जनवरी तक चलेगा।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)