देश की खबरें | मनीष शुक्ला हत्या मामले की सीबीआई जांच की मांग करते हुए भाजपा ने निकाला कैंडल मार्च
एनडीआरएफ/प्रतीकात्मक तस्वीर (Photo Credits: ANI)

कोलकाता, नौ अक्टूबर भाजपा ने अपने युवा नेता मनीष शुक्ला की हत्या के मामले में सीबीआई जांच की मांग करते हुए शुक्रवार को बैरकपुर से उत्तर 24 परगना जिले के तीतागढ़ तक कैंडल लाइट मार्च निकाला।

रैली बैरकपुर से शुरू होकर तीतागढ़ में भाजपा कार्यालय तक निकाली गयी जिसके सामने शुक्ला की रविवार को हत्या कर दी गयी थी।

यह भी पढ़े | RSS चीफ मोहन भागवत ने कहा-दुनिया में सबसे ज्यादा संतुष्ट भारत के मुसलमान.

बैरकपुर से भाजपा सांसद अर्जुन सिंह के करीबी सहयोगी माने जाने वाले शुक्ला की मोटरसाइकिल सवार हमलावरों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी। उस समय वह कुछ पार्टी कार्यकर्ताओं से बात कर रहे थे।

जुलूस का नेतृत्व कर रहे अर्जुन सिंह ने दावा किया कि जिला पुलिस और सीआईडी आरोपियों को गिरफ्तार नहीं कर सके क्योंकि आरोप सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस के लोगों के खिलाफ हैं।

यह भी पढ़े | Fodder Scam: चारा घोटाला मामले में लालू प्रसाद यादव को मिली जमानत, फिलहाल जेल में ही रहेंगे.

उन्होंने कहा, ‘‘सीबीआई सरीखी किसी स्वतंत्र एजेंसी से ही निष्पक्ष और स्वतंत्र जांच संभव होगी।’’

भाटपारा और नौपाड़ा से भाजपा विधायकों पवन सिंह और सुनील सिंह ने भी रैली में भाग लिया।

अर्जुन सिंह ने आरोप लगाया कि अगर राज्य सीआईडी मामले में जांच करती है तो वास्तविक दोषियों पर मामला दर्ज नहीं किया जाएगा।

पश्चिम बंगाल की तृणमूल कांग्रेस नीत सरकार ने जांच जिला पुलिस से राज्य सीआईडी को सौंप दी है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)