देश की खबरें | भाजपा ने बिहार चुनाव के दूसरे चरण के लिए उम्मीदवारों की सूची जारी की, कुछ विधायकों के नाम कटे
एनडीआरएफ/प्रतीकात्मक तस्वीर (Photo Credits: ANI)

नयी दिल्ली/पटना, 11 अक्टूबर भाजपा ने रविवार को बिहार विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण के लिए 46 उम्मीदवारों की सूची जारी कर दी। पार्टी ने अधिकतर विधायकों को टिकट दिया है, वहीं कुछ के नाम कट गये हैं।

जिन विधायकों पर पार्टी ने फिर से विश्वास जताया है, उनमें राज्य सरकार के दो मंत्री- पटना शहर से नंदकिशोर यादव और मधुबन से राणा रणधीर के नाम प्रमुख हैं।

यह भी पढ़े | दिल्ली में वायु प्रदूषण के नियमों की अनदेखी करने के लिए NCRTC पर लगा 50 लाख का जुर्माना: गोपाल राय.

पूर्व मुख्यमंत्री जगन्नाथ मिश्रा के बेटे और प्रदेश भाजपा उपाध्यक्ष नीतीश मिश्रा झांझरपुर से मैदान में हैं। पूर्व मंत्री मिश्रा 2010 में जदयू के टिकट पर इस सीट से विधायक चुने गये थे, लेकिन पांच साल बाद भाजपा उम्मीदवार के तौर पर वह राजद से हार गये थे।

पार्टी ने सिवान में चौकाने वाला बदलाव करते हुए विधायक व्यासदेव प्रसाद की जगह ओमप्रकाश यादव को टिकट दिया है। जो पहले भाजपा छोड़कर जा चुके हैं और 2009 में सिवान से निर्दलीय लोकसभा सदस्य निर्वाचित हुए थे। इसके अगले लोकसभा चुनाव में वह भाजपा से सांसद बने।

यह भी पढ़े | सीएम अरविंद केजरीवाल ने अपने आवास पर चलाया ’10 हफ्ते, 10 बजे, 10 मिनट’ डेंगू विरोधी महाअभियान.

दारौंधा से पार्टी ने करनजीत सिंह को अपना प्रत्याशी बनाया है जो पहले भाजपा छोड़ गये थे और अब फिर से पार्टी के टिकट पर मैदान में होंगे।

केंद्रीय मंत्री नित्यानंद राय के करीबी और प्रदेश भाजपा प्रवक्ता निखिल आनंद मनेर से पहली बार पार्टी के टिकट पर किस्मत आजमाएंगे।

राघोपुर से भाजपा ने सतीश कुमार यादव पर दांव खेला है जहां से अभी राजद नेता तेजस्वी यादव विधायक हैं।

हालांकि इस बार अभी यादव के यहां से चुनाव लड़ने के बारे में स्थिति साफ नहीं हुई है।

भाजपा पहले और दूसरे चरण के लिए कुल मिलाकर अब तक 75 विधानसभा क्षेत्रों के लिए अपने प्रत्याशियों की घोषणा कर चुकी है।

भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव अरूण सिंह की ओर से जारी विज्ञप्ति में यह जानकारी दी गई है। बिहार में दूसरे चरण के लिये नामांकन की प्रक्रिया शुरू हो गई है और दूसरे चरण के लिये 94 सीटों पर तीन नवंबर को मतदान होना है।

पार्टी की केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक शनिवार को नयी दिल्ली में हुई थी, जिसके बाद आज सूची जारी की गयी।

भाजपा राज्य में जद (यू) के साथ मिलकर चुनाव लड़ रही है। गठबंधन में विकासशील इंसान पार्टी (वीआईपी) और हिंदुस्तानी अवाम मोर्चा (हम) को भी शामिल किया गया है।

भाजपा 243 सदस्यीय विधानसभा में 110 सीटों पर चुनाव लड़ रही है। पार्टी ने अपने कोटे की 11 सीटें वीआईपी को दी हैं।

जद (यू) 115 सीटों पर किस्मत आजमाएगी और उसने अपने कोटे की सात सीटें ‘हम’ के लिए छोड़ी हैं।

भाजपा द्वारा रविवार को घोषित उम्मीदवारों की सूची में कुम्हरार से अरूण कुमार सिन्हा, सीतामढ़ी से डा. मिथलेश कुमार , छपरा से डा. सी एन गुप्ता, हाजीपुर से अवधेश सिंह, लालगंज से संजय कुमार सिंह और पीरपैंती से ललन कुमार पासवान आदि के भी नाम हैं।

बिहार में तीन चरणों में विधानसभा चुनाव होने हैं जिसमें पहले चरण के लिए मतदान 28 अक्तूबर को होगा जबकि दूसरे चरण के लिए तीन नवंबर और तीसरे चरण के लिए सात नवंबर को मतदान होगा। मतगणना 10 नवंबर को होगी।

भाजपा ने विभिन्न राज्यों की 16 विधानसभा सीटों पर होने वाले उपचुनाव के लिए भी उम्मीदवारों के नाम का ऐलान कर दिया है जिनमें आठ गुजरात की, चार मणिपुर की और दो-दो झारखंड तथा ओडिशा की हैं।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)