देश की खबरें | बग्गा की गिरफ्तारी के खिलाफ में भाजपा का विरोध प्रदर्शन, केजरीवाल को बताया ‘तानाशाह’

नयी दिल्ली, सात मई भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने अपने नेता तेजिंदर पाल सिंह बग्गा को पंजाब पुलिस द्वारा गिरफ्तार किये जाने की निंदा करते हुए शनिवार को दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के आवास के बाहर विरोध प्रदर्शन किया और उन्हें ''तानाशाह'' कहा।

दिल्ली भाजपा अध्यक्ष आदेश गुप्ता ने आरोप लगाया कि बग्गा की गिरफ्तारी से यह स्पष्ट हो गया है कि आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक केजरीवाल ने निजी फायदे के लिए पंजाब पुलिस का 'दुरुपयोग' किया है।

गुप्ता ने कहा, ''केजरीवाल एक तानाशाह हैं। बग्गा का क्या अपराध था? उन्होंने बस '(द) कश्मीर फाइल्स' पर केजरीवाल की टिप्पणी को लेकर उनसे स्पष्टीकरण मांगा था। गिरफ्तारी के दौरान उन्हें पगड़ी पहनने तक की इजाजत नहीं दी गई।’’

उन्होंने कहा कि भाजपा ''पगड़ी का अपमान बर्दाश्त नहीं करेगी ।''

दरअसल , पंजाब पुलिस ने शुक्रवार को बग्गा को दिल्ली के जनकपुरी स्थित उनके आवास से गिरफ्तार कर लिया था, लेकिन दिल्ली पुलिस उन्हें यह कहते हुए हरियाणा से राजधानी वापस ले आई कि पंजाब पुलिस ने उसे गिरफ्तारी की सूचना नहीं दी।

दिल्ली पुलिस ने बग्गा के पिता प्रीतपाल सिंह बग्गा की शिकायत के आधार पर अपहरण का मामला भी दर्ज किया। प्रीतपाल ने आरोप लगाया कि ''कुछ लोग'' सुबह करीब 8 बजे उनके घर आए और उनके बेटे को ले गए।

भारतीय जनता युवा मोर्चा के राष्ट्रीय सचिव बग्गा को पिछले महीने मोहाली में उनके खिलाफ दर्ज एक मामले के सिलसिले में गिरफ्तार किया गया था। उन्हें वापस राजधानी लाने के बाद शुक्रवार देर रात मजिस्ट्रेट के सामने पेश किया गया।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)