अगरतला, नौ फरवरी भाजपा ने बृहस्पतिवार को वादा किया कि त्रिपुरा में लगातार दूसरी बार सत्ता में आने पर वह आदिवासी क्षेत्रों के लिए अधिक स्वायत्तता, किसानों की आर्थिक सहायता और रबर आधारित उद्योग के विशिष्ट-विनिर्माण क्षेत्रों में वृद्धि करेगी।
भाजपा ने महिलाओं और छात्राओं के लिए भी लोकलुभावन वादे किये।
राज्य में 16 फरवरी को होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए भाजपा अध्यक्ष जे.पी. नड्डा ने पार्टी का घोषणापत्र जारी करते हुए कहा कि धार्मिक गुरु अनुकुल चंद्र के नाम पर सभी के लिए पांच रुपये की भोजन योजना शुरू करने के साथ ही अगरतला में एक क्षेत्रीय चिकित्सा विज्ञान संस्थान की स्थापना भी की जाएगी।
हालांकि, नड्डा द्वारा पारंपरिक प्रेसवार्ता के बजाय अपने कार्यकर्ताओं के सामने एक विशाल सभागार में घोषणापत्र जारी किया, जिसमें लोगों को नौकरी या राज्य के 1.9 लाख सरकारी कर्मचारियों के लिए पेंशन और महंगाई भत्ता देने के बारे में कोई जिक्र नहीं है।
विश्लेषक आदिवासी क्षेत्रों के लिए अधिक स्वायत्तता के वादों को टिपरा मोथा पार्टी द्वारा ‘‘ग्रेटर टिपरालैंड’’ के लिए की गई मांगों का जवाब देने के तौर पर देख रहे हैं। इसी तरह, त्रिपुरा में किसानों और महिलाओं के लिए विभिन्न लाभ देने के तृणमूल कांग्रेस द्वारा किए गए वादों का जवाब देने के मद्देनजर भाजपा ने घोषणापत्र में दोनों वर्गों पर ध्यान केंद्रित किया है।
घोषणापत्र जारी करने के बाद नड्डा ने यहां एक संवाददाता सम्मेलन में कहा, ‘‘हम त्रिपुरा को ‘डीटीएच’ - विकास (डिवेलपमेंट), परिवर्तन (ट्रांसफॉर्मेशन) और सद्भाव (हार्मनी) के रास्ते पर ले जाएंगे।’’
घोषणापत्र में कहा गया है कि प्रत्येक बालिका को 50,000 रुपये का ‘बालिका समृद्धि बांड’ दिया जाएगा, जबकि आदिवासी ‘कोकबोरोक’ को सीबीएसई और आईसीएसई पाठ्यक्रम में विषय के रूप में शामिल किया जाएगा।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY