देश की खबरें | भाजपा विधायक जन्मेजय सिंह का निधन
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. उत्तर प्रदेश में देवरिया जिले की सदर सीट से भाजपा विधायक जन्मेजय सिंह का हृदयाघात से निधन हो गया। वह 75 वर्ष के थे।
लखनऊ/देवरिया, 21 अगस्त उत्तर प्रदेश में देवरिया जिले की सदर सीट से भाजपा विधायक जन्मेजय सिंह का हृदयाघात से निधन हो गया। वह 75 वर्ष के थे।
सिंह को बृहस्पतिवार रात तबीयत खराब होने पर सिविल अस्पताल ले जाया गया था। इसके बाद रात दस बजे हालत बिगड़ने पर उन्हें लोहिया संस्थान रेफर कर दिया गया।
लोहिया संस्थान के प्रवक्ता और चिकित्सा अधीक्षक डॉ. विक्रम सिंह के मुताबिक पेस मेकर लगाने के दौरान उनकी मत्यु हो गई। सिविल अस्पताल में उनकी जांच की गई थी जिसमें उनमें कोरोना वायरस संक्रमण की पुष्टि नहीं हुई थी।
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, विधानसभा अध्यक्ष हृदय नारायण दीक्षित और प्रदेश भाजपा अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने विधायक के आकस्मिक निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है।
यह भी पढ़े | COVID-19 Vaccine Update: कोरोनो वायरस वैक्सीन की 50 लाख खुराक खरीदने पर केंद्र सरकार कर रही विचार- रिपोर्ट.
योगी ने कहा कि सिंह एक समर्पित जन प्रतिनिधि थे। वह हमेशा अपने क्षेत्र के विकास के लिए तत्पर रहते थे। समाज के गरीब व कमजोर वर्गों के हितों के प्रति वह अत्यंत संवेदनशील थे।
उन्होंने कहा कि सिंह के निधन से पार्टी ने एक समर्पित कार्यकर्ता तथा जनता ने अपना एक सच्चा हितैषी खो दिया है।
मुख्यमंत्री ने ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति की प्रार्थना करते हुए सिंह के शोक संतप्त परिजनों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त की है।
सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने सिंह के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए ट्वीट किया, ''देवरिया सदर सीट से भाजपा विधायक जन्मेजय सिंह जी का निधन अत्यंत दुखद! दिवंगत आत्मा को शांति एवं शोकाकुल परिवार को दुख सहन करने की शक्ति दे भगवान।''
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Aug 21, 2020 12:42 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

