लखनऊ/देवरिया, 21 अगस्त उत्तर प्रदेश में देवरिया जिले की सदर सीट से भाजपा विधायक जन्मेजय सिंह का हृदयाघात से निधन हो गया। वह 75 वर्ष के थे। दिवंगत विधायक को श्रद्धांजलि देने के बाद उत्तर प्रदेश विधानसभा की कार्यवाही दिन भर के लिए स्थगित कर दी गयी । सिंह को बृहस्पतिवार रात स्वास्थ्य खराब होने पर सिविल अस्पताल ले जाया गया था। इसके बाद रात दस बजे हालत बिगड़ने पर उन्हें लोहिया संस्थान रेफर कर दिया गया।
लोहिया संस्थान के प्रवक्ता एवं चिकित्सा अधीक्षक डॉ. विक्रम सिंह के मुताबिक पेस मेकर लगाने के दौरान विधायक का निधन हो गया। सिविल अस्पताल में उनकी जांच की गई थी जिसमें उनमें कोरोना वायरस संक्रमण की पुष्टि नहीं हुई थी।
सिंह के तीन पुत्र और चार पुत्रियां हैं।
गोरखपुर से प्राप्त जानकारी के अनुसार देर शाम जन्मेजय सिंह का अंतिम संस्कार बढ़हलगंज के मुक्तिधाम में कर दिया गया। सिंह के बड़े बेटे श्रीप्रकाश सिंह ने चिता को मुखाग्नि दी।
जिलाधिकारी अमित किशोर, पुलिस अधीक्षक मोहम्मद इमरान, देवरिया के सांसद डॉ. रमापति राम त्रिपाठी, राज्य के कैबिनेट मंत्री सूर्य प्रताप शाही सहित तमाम लोग अंतिम संस्कार के समय मौजूद थे।
इस बीच, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, विधानसभा अध्यक्ष हृदय नारायण दीक्षित और प्रदेश भाजपा अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने विधायक के आकस्मिक निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है।
योगी ने कहा कि सिंह एक समर्पित जन प्रतिनिधि थे। वह हमेशा अपने क्षेत्र के विकास के लिए तत्पर रहते थे। समाज के गरीब व कमजोर वर्गों के हितों के प्रति वह अत्यंत संवेदनशील थे।
उन्होंने कहा कि सिंह के निधन से पार्टी ने एक समर्पित कार्यकर्ता तथा जनता ने अपना एक सच्चा हितैषी खो दिया है।
मुख्यमंत्री ने ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति की प्रार्थना करते हुए सिंह के शोक संतप्त परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की।
सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने सिंह के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए ट्वीट किया, ''देवरिया सदर सीट से भाजपा विधायक जन्मेजय सिंह जी का निधन अत्यंत दुखद! दिवंगत आत्मा को शांति एवं शोकाकुल परिवार को दुख सहन करने की शक्ति दें भगवान।''
उत्तर प्रदेश विधानसभा ने भी दिवंगत विधायक को श्रद्धांजलि दी और उसके बाद अध्यक्ष हृदय नारायण दीक्षित ने सदन की बैठक दिनभर के लिए स्थगित कर दी।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY