बेंगलुरु, 15 नवंबर भारतीय जनता पार्टी की कर्नाटक इकाई के नवनियुक्त अध्यक्ष बी.वाई. विजयेंद्र ने बुधवार को कहा कि पार्टी विधायक दल की बैठक 17 नवंबर को होगी और इस दौरान विधायक दल का नेता चुने जाने की संभावना है।
इससे पहले दिन में विजयेंद्र ने औपचारिक रूप से भाजपा प्रदेश अध्यक्ष के रूप में कार्यभार संभाला।
विजयेंद्र ने एक सवाल के जवाब में कहा, ‘‘विधायक दल की बैठक शुक्रवार शाम छह बजे प्रस्तावित है। जानकारी के मुताबिक, दो केंद्रीय पर्यवेक्षक आएंगे। हमें कल पता चलेगा कि कौन (पर्यवेक्षक) आ रहा है।’’
यहां पत्रकारों से बात करते हुए उन्होंने कहा कि केंद्रीय पर्यवेक्षकों की मौजूदगी में सभी विधायकों की राय के आधार पर उसी दिन नेता प्रतिपक्ष की घोषणा होने की संभावना है।
राज्य में प्रमुख विपक्षी दल भाजपा ने अभी तक अपने विधायक दल के नेता की नियुक्ति नहीं की है, जो विधानसभा में विपक्ष के नेता की भूमिका भी निभाएंगे।
जुलाई में पिछला विधानसभा सत्र विपक्ष के नेता के बिना आयोजित किया गया था।
इस साल मई में हुए 224 सदस्यीय कर्नाटक विधानसभा चुनाव में कांग्रेस ने भारी जीत के साथ भाजपा को सत्ता से बाहर कर दिया। कांग्रेस को 135, भाजपा को 66 और जनता दल (एस) को 19 सीटें मिलीं।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY