देश की खबरें | फडणवीस सहित भाजपा नेताओं ने ‘आप’ पर जनता से किए गए वादे पूरे नहीं करने का आरोप लगाया

नयी दिल्ली, 30 जनवरी महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और हिमंत विश्व शर्मा सहित भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेताओं ने दिल्ली में सत्तारूढ़ आम आदमी पार्टी (आप) और इसके प्रमुख अरविंद केजरीवाल पर बृहस्पतिवार को तीखा प्रहार करते हुए कहा कि उन्होंने राष्ट्रीय राजधानी की जनता से किए गए वादों को पूरा नहीं किया।

राष्ट्रीय राजधानी की मुस्तफाबाद और गोकलपुर विधानसभा सीट पर प्रचार करते हुए फडणवीस ने दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पर निशाना साधते हुए उन्हें ‘‘झूठा’ व्यक्ति करार दिया और कहा कि उन्होंने ‘‘झूठे वादे करके दिल्ली के लोगों को धोखा दिया।’’

फडणवीस ने ‘आप’ सरकार के कथित शराब घोटाले का जिक्र करते हुए कहा, ‘‘अरविंद केजरीवाल घोटालों के सरदार निकले।’’

फडणवीस ने कहा कि प्रधानमंत्री ‘‘सबका साथ, सबका विकास’’ के सिद्धांत में विश्वास करते हैं और उन्होंने महाराष्ट्र में ‘‘एक हैं तो सेफ हैं’’ का नारा दिया है।

उन्होंने लोगों से भारतीय संस्कृति पर हमलों के खिलाफ एकजुट रहने को कहा। मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘अगर आप इस मंत्र को भूल गए तो आप कभी भी सुरक्षित नहीं रह पाएंगे। अगर आप आज नहीं उठे, तो आपका अस्तित्व ही सवालों के घेरे में आ जाएगा।’’

वहीं, असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने बृहस्पतिवार को दावा किया कि अरविंद केजरीवाल ने जब से अन्ना हजारे को ‘‘धोखा’’ दिया है तब से वह अपना मानसिक संतुलन खो बैठे हैं। उन्होंने केजरीवाल पर आरोप लगाया कि तिहाड़ जेल में बंद रहने के दौरान उनमें ‘‘आपराधिक मानसिकता विकसित हो गई है।’’

शर्मा ने दिल्ली के करावल नगर में भाजपा उम्मीदवार कपिल शर्मा के समर्थन में एक जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि केजरीवाल मौलानाओं को पैसे देने का वादा कर रहे हैं, जबकि भाजपा अल्पसंख्यकों सहित प्रत्येक भारतीय का उत्थान करना चाहती है और उन्हें आत्मनिर्भर बनाना चाहती है।

असम के मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि केजरीवाल को हिंदुओं से समस्या है, लेकिन रोहिंग्याओं से नहीं है।

शर्मा ने यमुना प्रदूषण के मुद्दे पर केजरीवाल पर निशाना साधते हुए उन्हें यमुना में डुबकी लगाने की चुनौती दी और कहा कि दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री ने नदी की सफाई का अपना वादा पूरा नहीं किया।

उन्होंने कहा, ‘‘अन्ना हजारे को धोखा देने के बाद से केजरीवाल अपना मानसिक संतुलन खो बैठे हैं और कुछ समय तिहाड़ जेल में रहने के बाद उनमें आपराधिक मानसिकता भी विकसित हो गई है।’’

पूर्व केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने दिल्ली में एक रैली को संबोधित करते हुए मतदाताओं से ‘‘दो जंजीरों’’ यानी केंद्र और दिल्ली सरकार को जोड़ने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि जिस तरह नरेन्द्र मोदी प्रधानमंत्री हैं, उसी तरह दिल्ली में भी भाजपा का मुख्यमंत्री होगा।

भाजपा के वरिष्ठ नेता ने ‘आप’ सरकार पर ‘‘महिला विरोधी और दलित विरोधी’’ होने का आरोप लगाया।

अनुराग ठाकुर ने भाजपा उम्मीदवार मोहन सिंह बिष्ट के समर्थन में मुस्तफाबाद में एक जनसभा को संबोधित करते हुए कहा, ‘‘महिलाओं का आप में अपमान हुआ है। यह पार्टी महिलाओं और दलितों के खिलाफ है। इनकी पार्टी के दो दलित मंत्री पहले ही इस्तीफा दे चुके हैं।’’

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)