देश की खबरें | भाजपा नेता एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री बीरेंद्र सिंह ने किसान आंदोलन को समर्थन दिया
एनडीआरएफ/प्रतीकात्मक तस्वीर (Photo Credits: ANI)

चंडीगढ़, 19 दिसंबर पूर्व केंद्रीय मंत्री और भाजपा के वरिष्ठ नेता बीरेंद्र सिंह ने केंद्र के तीन नए कृषि कानूनों के खिलाफ जारी किसान आंदोलन को समर्थन दिया है।

सिंह, स्वतंत्रता से पहले के दौर में किसानों के हितों के लिए लड़ने वाले सर छोटू राम के पौत्र हैं। उनके बेटे बृजेंद्र भाजपा के सांसद हैं।

सिंह ने कहा कि किसानों के साथ खड़े होना उनकी नैतिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि किसानों को इस बात का डर है कि नए कृषि कानूनों से उनकी आर्थिक अवस्था प्रभावित हो सकती है।

उन्होंने शुक्रवार को कहा, ‘‘मैंने राजनीति में जो कुछ भी हासिल किया है वह संभव नहीं हो पाता यदि मैं सर छोटू राम का पोता नहीं होता।’’

हरियाणा के प्रभावशाली जाट नेता सिंह ने कहा, ‘‘इसलिए आज किसानों की लड़ाई में उनके साथ खड़े होना मेरी नैतिक जिम्मेदारी है। इसलिए मैंने इस लड़ाई को समर्थन देने का फैसला किया है।’’

उन्होंने कहा कि वह और उनके समर्थक दिल्ली से लगने वाले हरियाणा के जिलों में सांकेतिक अनशन करेंगे।

शुक्रवार को सिंह ने अपने समर्थकों के साथ रोहतक में चौधरी छोटू राम विचार मंच के बैनर तले धरना दिया था।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)