देश की खबरें | राजनीति में भी कारोबार ढूंढती रहती है भाजपा : अखिलेश यादव

लखनऊ, 11 सितंबर समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने शनिवार को भारतीय जनता पार्टी पर निशाना साधते हुए कहा कि वह राजनीति में भी कारोबार ढूंढती रहती है।

समाजवादी पार्टी कार्यालय के डॉक्‍टर लोहिया सभागार में सपा प्रमुख यादव ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए क‍हा, ‘‘भाजपा की सबसे बड़ी ताकत झूठ है। उसका मानना है कि विकास संवेदनशील मुद्दा नहीं है, वह हर मामले में व्यापारिक दृष्टिकोण अपनाती है और राजनीति में भी कारोबार ढूंढ़ती रहती है।''

सपा मुख्‍यालय द्वारा जारी बयान के अनुसार, यादव ने कार्यकर्ताओं से कहा, ''भाजपा स्वतंत्रता विरासत की संस्कृति को नष्ट करना चाहती है, सामाजिक सद्भाव को तोड़ने में लगी रहती है और कुप्रचार कर समाजवादी पार्टी को बदनाम करना ही उसका मूल एजेण्डा है।''

प्रदेश में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव की चर्चा करते हुए यादव ने कहा, ''2022 का चुनाव देश और लोकतंत्र को बचाने का चुनाव है और उत्तर प्रदेश से ही बदलाव होगा, यह जनता ने तय कर लिया है।''

उन्होंने कहा कि काला धन, भ्रष्टाचार और आतंकवाद के नाम पर राजनीति करने वाली भाजपा की सच्चाई जनता जान चुकी है। समस्‍याएं गिनाते हुए उन्होंने कहा, ''फासिस्ट ताकतों से देश को बचाना है, महिलाओं की अस्मिता पर हो रहे हमले शर्मनाक हैं, सामाजिक न्याय के प्रति भाजपा सरकार का रवैया दुर्भाग्यपूर्ण है, असंगठित क्षेत्र के छह करोड़ मजदूर आत्महत्या करने को मजबूर हैं, किसान की दिक्कतें और बेकारी प्रमुख समस्या है और इनके समाधान की सरकार को कोई चिंता नहीं है।''

सपा के एक प्रवक्‍ता ने बताया कि पार्टी प्रमुख यादव से शनिवार को हस्तिनापुर के संत बाबा भूरेवाले सुखदेव सिंह ने भेंट की और पानी, पेड़, पहाड़ को बचाने तथा नदियों की निर्मलता पर चर्चा की और भाजपा सरकार में उनकी उपेक्षा पर चिंता जताई।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)