पटना, दो मार्च भाकपा (माले) लिबरेशन के महासचिव दीपांकर भट्टाचार्य ने रविवार को भाजपा पर बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर ‘‘हावी’’ होने की कोशिश करने का आरोप लगाया। हालांकि, वह जनता दल (यूनाइटेड) प्रमुख के राजग से अलग होने की स्थिति में गठबंधन में फेरबदल के सवाल को टाल गये।
भट्टाचार्य ने यहां ऐतिहासिक गांधी मैदान में अपनी पार्टी द्वारा आयोजित ‘बदलो बिहार महाजुटान’ रैली के अवसर पर पत्रकारों से संक्षिप्त बातचीत की।
वामपंथी नेता से उन अटकलों के बारे में पूछा गया था कि कुमार को इस बात की चिंता सता रही है कि विधानसभा चुनाव समाप्त होने के बाद भाजपा उन्हें धोखा दे सकती है और जदयू प्रमुख ऐसे किसी भी प्रयास को विफल करने के लिए एक बार फिर पाला बदल सकते हैं।
यह पूछे जाने पर कि अगर नीतीश कुमार वापस महागठबंधन में लौटने की इच्छा दिखाते हैं तो क्या उनका स्वागत किया जाएगा, भट्टाचार्य ने कहा, ‘‘मैं केवल इतना कहूंगा कि नीतीश जी अब पहले वाले नीतीश जी नहीं रहे। यह भाजपा है जो राज्य सरकार में फैसले ले रही है। पार्टी उन पर हावी होने की कोशिश कर रही है। राज्य के लोग इस साजिश से अवगत हैं। वे चुनाव में पार्टी को सबक सिखाएंगे।’’
उन्होंने महाराष्ट्र और दिल्ली विधानसभा चुनावों में राजग की शानदार जीत के मद्देनजर भाजपा और उसके सहयोगियों के बेहद उत्साही होने की बात को भी खारिज कर दिया।
भट्टाचार्य ने कहा, ‘‘महाराष्ट्र और दिल्ली दूर-दूर हैं। आइए झारखंड को देखें, जो कभी अविभाजित बिहार का हिस्सा था। हमारे गठबंधन ने झारखंड जीता और हमें बिहार में और भी बड़ी जीत का भरोसा है।’’
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY