जलगांव (महाराष्ट्र), पांच मार्च केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने विपक्षी गठबंधन ‘इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इन्क्लूसिव अलायंस’ (इंडिया) में शामिल दलों पर ‘वंशवाद को बढ़ावा देने' के लिए निशाना साधते हुए मंगलवार को युवाओं से उन लोगों को वोट देने का आग्रह किया जो लोकतंत्र को मजबूत करेंगे।
उत्तर महाराष्ट्र के जलगांव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) द्वारा आयोजित एक युवा रैली को संबोधित करते हुए शाह ने पूछा कि जो दल अपने संगठनों के भीतर "परिवारवाद" (एक परिवार का नेतृत्व) को बढ़ावा देते हैं, वे देश के लोकतंत्र को कैसे मजबूत कर सकते हैं।
शाह ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को एक वोट देने का मतलब ‘भारत के लिए’ और नरेन्द्र मोदी को तीसरी बार प्रधानमंत्री बनाने के लिए वोट देना है।
उन्होंने कहा कि भाजपा को वोट देने का मतलब युवाओं के शानदार भविष्य के लिए मतदान करना है।
शाह ने कहा, ‘‘(प्रधानमंत्री नरेन्द्र) मोदी एक व्यक्ति को चंद्रमा पर भेजने की कोशिश कर रहे हैं, और (कांग्रेस नेता) सोनिया (गांधी) अपने बेटे राहुल को 20वीं बार लॉन्च करने की कोशिश कर रही हैं। उन्होंने 19 बार कोशिश की, लेकिन वह कभी उन्हें गंतव्य तक पहुंचाने में सफल नहीं हुईं।"
उन्होंने कहा, ‘‘सोनिया, राहुल को प्रधानमंत्री बनाने की कोशिश कर रही हैं, उद्धव (ठाकरे) अपने बेटे आदित्य को मुख्यमंत्री बनाना चाहते हैं, (शरद) पवार अपनी बेटी को मुख्यमंत्री बनाना चाहते हैं, ममता दीदी (ममता बनर्जी) अपने भतीजे को मुख्यमंत्री बनाना चाहती हैं, और (एमके) स्टालिन अपने बेटे को मुख्यमंत्री बनाना चाहते हैं।’’
शाह ने आरोप लगाया कि मोदी का विरोध करने वाले ‘इंडिया’ के सहयोगी दल वंशवाद की राजनीति को बढ़ावा देते हैं।
शाह ने कहा कि जब अटल बिहारी वाजपेयी ने प्रधानमंत्री पद छोड़ा था तब देश की अर्थव्यवस्था दुनिया की 11वीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन गई थी, जबकि "मनमोहन सिंह और सोनिया गांधी" ने संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (संप्रग) सरकार के 10 वर्षों के दौरान देश को उसी स्थिति में रखा था। उन्होंने कहा कि मोदी ने देश को 5वीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनाया।
उन्होंने कहा, ‘‘मोदी की गारंटी है कि आप उन्हें तीसरा कार्यकाल दें और वह देश को दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बना देंगे, उनके पास दस साल का रिपोर्ट कार्ड और अगले 25 साल का विजन है।’’
शाह ने युवाओं से कहा कि आपको हमेशा ऐसा नेता नहीं मिलता है। शाह ने युवाओं से सवाल किया कि क्या उन्हें लगता है कि वंशवाद को बढ़ावा देने वाले दलों में उनके लिए कोई जगह है।
केंद्रीय मंत्री ने कहा, ‘‘एकमात्र पार्टी जहां आपके लिए अवसर है वह भाजपा है और आपके नेता नरेन्द्र मोदी हमेशा आपके लिए मौजूद हैं। उन्होंने देश को सुरक्षित बनाया और आतंकवाद तथा नक्सली खतरे को खत्म किया है।"
शाह ने दावा किया कि राहुल गांधी ने अनुच्छेद 370 के प्रावधानों को निरस्त करने के मोदी सरकार के फैसले का विरोध करते हुए कहा था कि इसके परिणामस्वरूप जम्मू-कश्मीर की सड़कों पर खून बहेगा।
भाजपा नेता ने कहा, ‘‘'खून के बारे में भूल जाइए, किसी ने कंकड़ भी फेंकने की हिम्मत नहीं की।’’
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY