नयी दिल्ली, 18 अप्रैल भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) में पर्याप्त संख्याबल न होने के बावजूद मंगलवार को महापौर और उपमहापौर पद के चुनाव के लिए क्रमश: शिखा राय और सोनी पांडेय को उम्मीदवार के रूप में उतारा।
भाजपा की दिल्ली इकाई के नेताओं के साथ शिखा राय एवं सोनी पांडेय ने नामांकन के आखिरी दिन मंगलवार को क्रमश: महापौर और उपमहापौर पद के लिए अपने नामांकन पत्र दाखिल किए।
शिखा राय ग्रेटर कैलाश-1 वार्ड से पार्षद हैं, जबकि सोनी पांडेय उत्तर-पूर्वी दिल्ली के सोनिया विहार वार्ड का प्रतिनिधित्व करती हैं।
इससे पहले, भाजपा की दिल्ली इकाई के एक शीर्ष नेता ने दावा किया था कि पार्टी के महापौर व उपमहापौर पद का चुनाव लड़ने की संभावना नहीं है क्योंकि आम आदमी पार्टी (आप) के पक्ष में ‘‘स्पष्ट जनादेश’’ है।
‘आप’ ने इन पदों के लिए मौजूदा महापौर शैली ओबेरॉय और उपमहापौर आले मोहम्मद इकबाल को फिर से मैदान में उतारा है।
भाजपा नेताओं को उम्मीद है कि एमसीडी में पार्षद राय को चुनेंगे।
पार्टी की दिल्ली इकाई के महासचिव हर्ष मल्होत्रा ने कहा, ‘‘भाजपा एक अच्छा, स्वच्छ और मजबूत नगर निगम चलाने के लिए प्रतिबद्ध है और हम आशा करते हैं कि सभी पार्षद पार्टी की अनुभवी वरिष्ठ पार्षद का चुनाव करेंगे।’’
राय ने कहा कि वह एमसीडी के लिए अपने दृष्टिकोण के आधार पर पार्षदों से वोट मांगेंगी। भाजपा की दिल्ली इकाई की पूर्व उपाध्यक्ष राय भाजपा के अन्य नेताओं के साथ 2011 में श्रीनगर के लाल चौक पर तिरंगा झंडा फहराकर चर्चा में आई थीं।
नगर निगम में राय 2017-18 में नेता सदन एवं 2018-19 में स्थायी समिति अध्यक्ष के पदों पर कार्य कर चुकी हैं।
दिल्ली नगर निगम के महापौर का एक साल का कार्यकाल अप्रैल में शुरू होता है।
इस पद के लिए बारी-बारी से पांच साल एक वर्ष के कार्यकाल की शर्तें हैं, जिसमें पहला वर्ष महिलाओं के लिए आरक्षित है, दूसरा सामान्य श्रेणी के लिए, तीसरा आरक्षित वर्ग के लिए और शेष दो साल फिर से सामान्य श्रेणी के लिए आरक्षित हैं।
भाजपा ने फरवरी में एकीकृत एमसीडी के महापौर पद के लिए चुनाव लड़ा था, जबकि उसके पास जीत के लिए आवश्यक वोट नहीं थे। ओबेरॉय ने फरवरी में हुए मतदान में भाजपा पार्षद रेखा गुप्ता को 34 मतों से हराया था।
इकबाल ने भी भाजपा के अपने प्रतिद्वंद्वी को मात दी थी।
आप ने पिछले साल दिसंबर में हुए एमसीडी चुनाव में जीत हासिल की थी। पार्टी ने नगर निगम में भाजपा के 15 साल के शासन को समाप्त कर दिया। अरविंद केजरीवाल के नेतृत्व वाली पार्टी ने 250 वार्ड में से 134 पर जीत हासिल की, जबकि भाजपा को 104 वार्ड में जीत मिली।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)










QuickLY