देश की खबरें | महिला प्रत्याशी पर कमलनाथ की टिप्पणी की भाजपा ने की निंदा, पार्टी नेता रखेंगे मौन व्रत
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ उस वीडियो के कारण विवादों में घिर गए हैं, जिसमें वह कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल हो चुकी एक महिला प्रत्याशी के लिए कथित रूप से ‘‘आइटम’’ शब्द का इस्तेमाल करते दिखाई दे रहे हैं।
दतिया (मध्यप्रदेश), 18 अक्टूबर मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ उस वीडियो के कारण विवादों में घिर गए हैं, जिसमें वह कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल हो चुकी एक महिला प्रत्याशी के लिए कथित रूप से ‘‘आइटम’’ शब्द का इस्तेमाल करते दिखाई दे रहे हैं।
इस बयान पर भाजपा ने कमलनाथ को सामंतवादी सोच वाला व्यक्ति बताकर उन्हें घेरना शुरू कर दिया है और चुनाव आयोग में इसकी शिकायत करने के साथ-साथ इस टिप्पणी के प्रति विरोध जताने एवं इस संबंध में जनजागरण के लिए सोमवार को पूरे प्रदेश में एक साथ मौन व्रत करने का निर्णय लिया है।
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान भोपाल एवं प्रदेश अध्यक्ष विष्णु दत्त शर्मा ग्वालियर में पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ मौन व्रत करेंगे, जबकि पार्टी के नेता, जनप्रतिनिधि, मोर्चा अध्यक्ष, प्रदेश पदाधिकारी एवं जिला पदाधिकारी अन्य जगहों पर मौन व्रत के इस कार्यक्रम में भाग लेंगे।
गौरतलब है कि राज्य की 28 विधानसभा सीटों के लिए तीन नवंबर को उपचुनाव होना है।
यह भी पढ़े | Hardoi District: यूपी के हरदोई में 19 साल की लड़की ने लगाया आरोप, पड़ोसी और अन्य लोगों ने जबरन किया रेप.
इमरती देवी के खिलाफ डबरा विधानसभा सीट से चुनाव लड़ रहे कांग्रेस प्रत्याशी सुरेश राजे के लिए चुनाव प्रचार करते हुए कमलनाथ ने रविवार को कहा, ‘‘डबरा से सुरेश राजे जी हमारे उम्मीदवार हैं। वह सरल स्वभाव के और सीधे-सादे हैं। ये तो उसके जैसे नहीं हैं। क्या है उसका नाम?’’ इसी बीच वहां मौजूद जनता जोर-जोर से ‘इमरती देवी’, ‘इमरती देवी’ कहने लगी।
इसके बाद कमलनाथ ने हंसते हुए कहा, ‘‘मैं क्या उसका (डबरा की भाजपा प्रत्याशी) नाम लूं। आप तो उसे मुझसे ज्यादा पहचानते हैं। आपको तो मुझे पहले ही सावधान कर देना चाहिए था। ये क्या आइटम है? ये क्या आइटम है?’’
इस पर वहां मौजूद जनता ने खूब तालियां बजाईं और कमलनाथ हंसते हुए मंच से दोहराते रहे, ‘‘ये क्या आइटम है? सुरेश राजे जी का साथ दीजिएगा।’’
इस पर, शिवराज सिंह चौहान ने कमलनाथ पर पलटवार करते हुए कहा कि एक महिला के लिए कमलनाथ ने ‘आइटम’ जैसे शब्द का उपयोग कर अपनी सामंतवादी सोच फिर उजागर कर दी है।
चौहान ने ट्वीट किया, ‘‘कमलनाथ जी! इमरती देवी उस गरीब किसान की बेटी का नाम है जिसने गांव में मजदूरी करने से शुरुआत की और आज जनसेवक के रूप में राष्ट्रनिर्माण में सहयोग दे रही हैं। कांग्रेस ने मुझे ‘भूखा-नंगा’ कहा और एक महिला के लिए आपने ‘आइटम’ जैसे शब्द का उपयोग कर अपनी सामंतवादी सोच फिर उजागर कर दी।’’
उन्होंने आगे लिखा, ‘‘खुद को ‘मर्यादा पुरुषोत्तम’ बताने वाले ऐसी ‘अमर्यादित ’ का प्रयोग कर रहे हैं? नवरात्रि के पावन पर्व पर देश नारी की उपासना कर रहा है, ऐसे में आपके बयान से आपकी ओछी मानसिकता झलकती है। बेहतर होगा कि आप अपने शब्द वापस लें और इमरती देवी सहित प्रदेश की हर बेटी से माफी मांगें।’’
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)