नयी दिल्ली, चार अक्टूबर भाजपा केंद्रीय चुनाव समिति (सीईसी) ने बिहार विधानसभा चुनावों को लेकर विचार-विमर्श करने तथा पार्टी के उम्मीदवारों के नामों को अंतिम रूप देने के लिए रविवार को यहां बैठक की।
इससे पहले सत्तारूढ़ राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) को उस समय झटका लगा जब केंद्रीय मंत्री रामविलास पासवान की लोक जनशक्ति पार्टी ने राज्य में राजग से अलग होने का फैसला कर लिया।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, भाजपा अध्यक्ष जे पी नड्डा और पार्टी के अन्य शीर्ष नेता इस बैठक में शामिल हुए।
इससे पहले दिन में गृह मंत्री अमित शाह और नड्डा सहित वरिष्ठ भाजपा नेताओं ने राज्य के मौजूदा राजनीतिक घटनाक्रम पर विचार-विमर्श किया।
राजग ने बिहार में जद (यू) अध्यक्ष और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को चुनाव के लिए गठबंधन का नेता घोषित किया है।
लोजपा ने भाजपा की सराहना की लेकिन कहा कि वह कुमार के नेतृत्व में चुनाव नहीं लड़ेगी।
बिहार में विधानसभा चुनाव तीन चरणों में 28 अक्टूबर, तीन नवंबर और सात नवंबर को होंगे तथा 10 नवंबर को मतगणना होगी।
पहले चरण में 71 सीटों के लिए चुनाव होंगे और इसके लिए नामांकन प्रक्रिया एक से आठ अक्टूबर के बीच चलेगी। प्रदेश विधानसभा में 243 सीटें हैं।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY