जरुरी जानकारी | बिड़ला एस्टेट्स ने 3,000 करोड़ रुपये की आवासीय परियोजना के लिए बेंगलुरु में जमीन खरीदी

नयी दिल्ली, आठ मई बिड़ला एस्टेट्स ने बेंगलुरु में 28.6 एकड़ जमीन का अधिग्रहण किया है। कंपनी इस भूखंड पर एक आवासीय परियोजना विकसित करेगी, जिसकी अनुमानित बिक्री क्षमता 3,000 करोड़ रुपये होगी।

शेयर बाजारों को भेजी सूचना में सेंचुरी टेक्सटाइल्स एंड इंडस्ट्रीज लिमिटेड ने कहा कि उसकी इकाई बिड़ला एस्टेट्स प्राइवेट लिमिटेड ने सरजापुर रोड, बेंगलुरु 28.6 एकड़ का जमीन का टुकड़ा खरीदा है।

हालांकि, कंपनी ने यह नहीं बताया कि उसने इस जमीन का अधिग्रहण कितनी कीमत में किया है।

बिड़ला एस्टेट्स आदित्य बिड़ला समूह की रियल एस्टेट इकाई है।

नियामकीय सूचना में कहा गया है, ‘‘प्रस्तावित परियोजना से लगभग 3,000 करोड़ रुपये का राजस्व मिलने की उम्मीद है।’’

बिड़ला एस्टेट्स के प्रबंध निदेशक एवं मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) के टी जितेंद्रन ने कहा, ‘‘हम मानते हैं कि इस क्षेत्र में अगला आईटी हब बनने की अपार संभावनाएं है और हमारा ग्रेड-ए आवासीय परिसर क्षेत्र में आधुनिक पेशेवरों के लिए बेहतर विकल्प प्रदान करेगा।’’

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)