देश की खबरें | बिहारः नीतीश को अपना नेता चुनने के लिए राजग के नवनिर्वाचित विधायकों की 15 नवम्बर को बैठक
एनडीआरएफ/प्रतीकात्मक तस्वीर (Photo Credits: ANI)

पटना, 13 नवम्बर जनता दल (यू) नेता नीतीश कुमार को औपचारिक रूप से अपना नेता चुनने के लिए रविवार को दोपहर साढ़े 12 बजे राजग विधायक दल की संयुक्त बैठक होगी।

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के आवास पर शुक्रवार को बिहार में राजग के चार घटक दलों - जद (यू), भाजपा, हिंदुस्तानी अवाम मोर्चा (एचएएम) और विकासशील इंसान पार्टी (वीआईपी) के नेताओं की एक ‘‘अनौपचारिक’’ बैठक में यह फैसला किया गया।

यह भी पढ़े | Telangana: सुप्रीम कोर्ट से तेलंगाना पटाखा निर्माता एसोसिएशन को राहत, ग्रीन पटाखों की बिक्री और 2 घंटे जलाने की मिली मंजूरी.

कुमार ने पत्रकारों से कहा, ‘‘ बैठक 15 नवम्बर, रविवार को साढ़े 12 बजे होगी, जहां सभी बाकी निर्णय लिए जाएंगे।’’

उन्होंने कहा कि मौजूदा राज्य मंत्रिमंडल आज शाम अपनी आखिरी बैठक करेगा, जहां विधानसभा भंग करने के संबंध में निर्णय लिया जाएगा।

यह भी पढ़े | Maharashtra: महाराष्ट्र में एक बार फिर बीजेपी और ठाकरे सरकार में जुबानी जंग शुरू.

मौजूदा विधानसभा का कार्यकाल 29 नवम्बर को समाप्त हो रहा है।

उन्होंने कहा, ‘‘ नई सरकार के गठन से पहले यह औपचारिकताएं पूरी की जानी है। मंत्रिमंडल के सुझावों को राज्यपाल के पास भेजा जाएगा, जिनकी अनुमति के बाद ही नई सरकार के गठन के संबंध में अन्य कदम उठाए जाएंगे।’’

बिहार विधानसभा चुनाव में राजग में शामिल दलों में भाजपा द्वारा सबसे अधिक 74 सीटें जीतने के बावजूद प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी सहित भगवा दल के वरिष्ठ नेताओं ने कुमार को ही मुख्यमंत्री बनाए जाने पर जोर दिया है।

चुनाव प्रक्रिया के शुरू होने से काफी पहले उन्होंने नीतीश कुमार को मुख्यमंत्री पद का सत्तारूढ़ गठबंधन का उम्मीदवार घोषित कर दिया था।

कुमार ने हालांकि अपने आवास पर बैठक में क्या चर्चा हुई इसकी कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दी, लेकिन सूत्रों ने बताया कि मंत्रिमंडल में हर घटक के प्रतिनिधि को शामिल किए जाने और विधानसभा के नए अध्यक्ष के चुनाव के संबंध में चर्चा की गई।

ऐसी अटकलें हैं कि भाजपा एक ईबीसी (अति पिछड़ी जाति) या दलित को उप मुख्यमंत्री बना सकती है। हालांकि यह स्पष्ट नहीं है कि दिग्गज नेता सुशील कुमार मोदी को बदलने पर जोर दिया जाएगा या नहीं।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)