देश की खबरें | रामचरितमानस पर बिहार के मंत्री की टिप्पणी बीमार मानसिकता को दर्शाती है: नित्यानंद राय

पटना, 15 सितंबर केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय ने शुक्रवार को बिहार के मंत्री और राजद नेता चंद्र शेखर के उस विवादित बयान की निंदा की जिसमें उन्होंने रामचरितमानस जैसे ग्रंथ की तुलना कथित तौर पर ‘पोटैशियम सायनाइड’ से की है।

बिहार भाजपा के पूर्व अध्यक्ष राय ने कड़ी भर्त्सना करते हुए आरोप लगाया कि मंत्री के बयान ‘बीमार मानसिकता को दर्शाते’ हैं जिनका मकसद ‘समाज के एक तबके का तुष्टिकरण करना’ है।

राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के नेता के बयान का जिक्र करते हुए राय ने कहा, ‘‘उनके बयान से ना केवल हिंदुओं को ठेस पहुंची है, बल्कि यह समाज के उस तबके के लिए भी नुकसानदायक है जिसका तुष्टिकरण करने का प्रयास मंत्री ने किया है।’’

बिहार के शिक्षा मंत्री चंद्र शेखर ने जाति व्यवस्था की आलोचना करते हुए कथित तौर पर विवादित बयान दिये थे।

राय ने कहा, ‘‘सायनाइड से तुलना के लायक राजद है जिसे अपराधियों को संरक्षण देने और भ्रष्टाचार में लिप्त होने के लिए जाना जाता है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की जनता दल-यूनाइटेड (जदयू) सहित उसके सभी सहयोगी दल ऐसा ही करते हैं।’’

उन्होंने कहा कि ‘घमंडिया’ गठबंधन का रुख बेनकाब हो गया है और देश के लोग इसके सभी सदस्य दलों को अगले लोकसभा चुनाव में दंडित करेंगे।

राज्य मंत्री ने कथित तौर पर बृहस्पतिवार देर शाम यह टिप्पणी की और इससे तब हंगामा मच गया जब एक वीडियो क्लिप (जिसकी प्रामाणिकता का सत्यापन पीटीआई- स्वतंत्र रूप से नहीं कर सका है) सोशल मीडिया पर प्रसारित हो गई।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)