देश की खबरें | सफदरजंग अस्पताल के बाहर भीम आर्मी ने किया प्रदर्शन, हाथरस की बलात्कार पीड़िता के गुनहगारों को मृत्युदंड देने की मांग
एनडीआरएफ/प्रतीकात्मक तस्वीर (Photo Credits: ANI)

नयी दिल्ली, 29 सितंबर भीम आर्मी के प्रमुख चंद्रशेखर आजाद और उनके समर्थकों ने उत्तर प्रदेश के हाथरस की 19 वर्षीय बलात्कार पीड़िता के गुनहगारों को मौत की सजा देने की मांग करते हुए मंगलवार को यहां सफदरजंग अस्पताल के बाहर प्रदर्शन किया।

सामूहिक बलात्कार की शिकार इस दलित महिला ने मंगलवार सुबह सफदरजंग अस्पताल में दम तोड़ दिया।

यह भी पढ़े | Babri Masjid Demolition Case Verdict: बाबरी विध्वंस मामले में कल CBI कोर्ट का आएगा फैसला, केंद्र सरकार की तरफ से कई राज्यों को अलर्ट जारी.

प्रदर्शन के दौरान भीम आर्मी के प्रमुख ने कहा, ‘‘ मैं दलित समुदाय के सभी सदस्यों से सड़कों पर उतरने और गुनहगारों के लिए मृत्युदंड की मांग करने की अपील करता हूं। सरकार को हमारे धैर्य की परीक्षा नहीं लेनी चाहिए। हम तबतक चुप नहीं बैठेंगे जबतक गुनहगारों को फांसी पर लटका नहीं दिया जाता।’’

आजाद ने पहले उत्तर प्रदेश सरकार से इस महिला को बेहतर उपचार के लिए एम्स पहुंचाने की मांग की थी।

यह भी पढ़े | बिहार में बीएसपी, राष्ट्रीय लोक समता पार्टी और दूसरी अन्य पार्टी के साथ मिलकर लड़ेगी चुनाव- मायावती: 29 सितंबर 2020 की बड़ी खबरें और मुख्य समाचार LIVE.

उन्होंने आरोप लगाया, ‘‘ राज्य सरकार हमारी बहन की मौत के लिए समान रूप से जिम्मेदार है।’’

एक पखवाड़ा पहले इस महिला से सामूहिक बलात्कार किया गया था। महिला ने बलात्कार के प्रयास का जब विरोध किया तब उसकी गला घोंटने की कोशिश की गयी थी और इसी क्रम में उसकी जीभ बुरी तरह कट गयी थी। चारों आरोपी गिरफ्तार कर लिये गये हैं।

पीड़िता को अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय के जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में भर्ती कराया गया था। सोमवार को उसे वहां से यहां सफदरजंग अस्पताल लाया गया।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)