नयी दिल्ली, पांच अगस्त दूरसंचार सेवा प्रदाता भारती एयरटेल का चालू वित्त वर्ष की पहली तिमाही में एकीकृत शुद्ध लाभ 2.5 गुना होकर 4,160 करोड़ रुपये
पर पहुंच गया।
प्रति गाहक औसत राजस्व (एआरपीयू) बढ़ने और पूंजीगत व्यय में कमी आने से मुनाफे में यह तीव्र वृद्धि हुई है। कंपनी ने एक साल पहले इसी अवधि में 1,612.5 करोड़ रुपये का लाभ दर्ज किया था।
भारती एयरटेल ने सोमवार को चालू वित्त वर्ष की अप्रैल-जून तिमाही के वित्तीय नतीजे जारी किए। इसके मुताबिक, कंपनी की एकीकृत परिचालन आय 38,506.4 करोड़ रुपये हो गयी जो पिछले साल की जून तिमाही के 37,440 करोड़ रुपये से 2.8 प्रतिशत अधिक है।
आलोच्य अवधि में कंपनी का भारतीय कारोबार से प्राप्त राजस्व सालाना आधार पर 10.1 प्रतिशत बढ़कर 29,046 करोड़ रुपये हो गया।
समीक्षाधीन अवधि में कंपनी का एकीकृत पूंजी व्यय 23.44 प्रतिशत घटकर 8,007 करोड़ रुपये रह गया। पिछले साल की समान तिमाही में यह 10,459 करोड़ रुपये था।
इस दौरान भारती एयरटेल का भारत में पूंजीगत व्यय 27 प्रतिशत कम होकर 6,781.2 करोड़ रुपये हो गया जो साल भर पहले 9,327 करोड़ रुपये था।
पिछली तिमाही में भारती एयरटेल का प्रति उपयोगकर्ता मोबाइल औसत राजस्व (एआरपीयू) भारत में बढ़कर 211 रुपये हो गया जबकि एक साल पहले इसी अवधि में यह 200 रुपये था।
भारती एयरटेल के पूंजीगत व्यय में कटौती और एआरपीयू में सुधार होने के अलावा ग्राहकों की संख्या बढ़ने से भी कंपनी का प्रदर्शन बेहतर हुआ है।
भारती एयरटेल के प्रबंध निदेशक गोपाल विट्टल ने बयान में कहा, ‘‘जून तिमाही में भारतीय कारोबार का राजस्व तिमाही आधार पर 1.9 प्रतिशत और कर-पूर्व आय (एबिटा) मार्जिन बढ़कर 53.7 प्रतिशत हो गया। लागत दक्षता बढ़ाने पर हमारा ध्यान मजबूत परिचालन में परिलक्षित होता है। अफ्रीका में मजबूत अंतर्निहित स्थिर मुद्रा राजस्व वृद्धि जारी है।’’
पिछली तिमाही में एयरटेल के कुल ग्राहकों की संख्या 7.3 प्रतिशत बढ़कर 56.75 करोड़ हो गई जबकि भारतीय ग्राहकों की संख्या सात प्रतिशत बढ़कर 40.92 करोड़ हो गई।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)












QuickLY