देश की खबरें | लाल किला में 25 मार्च से शुरू होगा 'भारत भाग्य विधाता' नामक सांस्कृतिक महोत्सव

नयी दिल्ली, 22 मार्च दिल्ली में 17वीं सदी के प्रतिष्ठित स्मारक लाल किला में भारत के इतिहास, कला, विरासत, संस्कृति और व्यंजनों को प्रदर्शित करने वाला 10 दिवसीय 'लाल किला महोत्सव-भारत भाग्य विधाता' 25 मार्च से आयोजित किया जाएगा।

देश की आजादी के 75 साल पूरे होने के उपलक्ष में केंद्र सरकार की ओर से मनाए जा रहे आजादी का अमृत महोत्सव के तहत इस कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा।

यह कार्यक्रम केंद्रीय संस्कृति मंत्रालय और डालमिया भारत समूह द्वारा संयुक्त रूप से आयोजित किया जाएगा। डालमिया समूह ने लाल किले को अपने स्मारक मित्र के रूप में अपनाया है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा एक प्रगतिशील स्वतंत्र भारत, इसकी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और इसकी उपलब्धियों का जश्न मनाने के लिए आजादी का अमृत महोत्सव पिछले साल शुरू किया गया था।

'लाल किला महोत्सव - भारत भाग्य विधाता' में भारत के इतिहास को प्रदर्शित करने वाले चित्रों को लाल किले की बाहरी दीवारों पर बनाया जाएगा। इसके अलावा वर्षों के दौरान देश की उपलब्धियों से संबंधित एक प्रदर्शनी और भारत की जीवंत कला और शिल्प कौशल की विशेषता वाले कई सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

यह महोत्सव तीन अप्रैल तक चलेगा।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)