देश की खबरें | बंगाल: विश्व कप में अर्जेंटीना की जीत का जश्न सोमवार को भी रहा जारी

कोलकाता, 19 दिसंबर विश्व कप के रोमांचक फाइनल मुकाबले में अर्जेंटीना द्वारा फ़्रांस को हराने के कुछ मिनट बाद पश्चिम बंगाल में फुटबॉल प्रशंसकों द्वारा शुरू किया गया जश्न सोमवार को भी जारी रहा। पूरे राज्य में अलग-अलग तरह का जश्न देखने को मिला।

लोगों ने फ़ुटबॉल के जादूगर लियोनेल मेस्सी के शानदार प्रदर्शन का जश्न रातभर सड़कों पर मनाया और पटाखे फोड़े। यह जश्न सुबह तक चला।

कोलकाता के रवींद्र सरोबर में सुबह की सैर करने वालों ने अर्जेंटीना की टीम के रंग की जर्सी पहन रखी थी। फुटबॉल प्रशंसक 36 साल बाद अर्जेंटीना की विश्वकप में जीत का जश्न मनाने के लिए सुबह जल्द खुलने वाली चाय की दुकानों पर एकत्र हुए।

अर्जेंटीना की जीत के उपलक्ष्य में कोलकाता महानगर के देशप्रिया पार्क इलाके स्थित चाय की एक दुकान पर सोमवार को पूरे दिन मुफ्त में चाय दी गई।दुकान के बाहर लगे एक बोर्ड पर लिखा था, ‘‘अर्जेंटीना की जीत पर चाय मुफ्त।’’

ज्यादातर क्लब और इलाकों में रविवार रात फाइनल मैच दिखाने के लिए बड़ी स्क्रीन और प्रोजेक्टर लगाये गए थे।

माकपा नेता एवं सामाजिक कार्यकर्ता सायरा शाह हलीम ने कहा कि उन्होंने दक्षिण कोलकाता में अपने घर के पास सीसीएफसी क्लब में अपने "पसंदीदा फुटबॉलर और टीम की जीत" का जश्न मनाया। उन्होंने कहा, ‘‘दिन का मेरा काम खत्म होने के बाद जश्न आज भी जारी रहेगा।’’

भारत के पूर्व स्ट्राइकर सुब्रतो भट्टाचार्य के पुत्र एवं अभिनेता साहेब भट्टाचार्य ने कहा कि वह "फाइनल" के आखिरी हिस्से को देखने के लिए एक शो से वापस आ गए।

सत्यजीत रे के बेटे संदीप द्वारा निर्देशित कुछ फिल्मों में अभिनय करने वाले साहेब ने कहा, "हम अर्जेंटीना के व्यंजनों के साथ जश्न मनाएंगे, जिसे मेरी मां ने पकाने का वादा किया है।’’

उत्तर बंगाल के सीमावर्ती शहर सिलीगुड़ी में भी जश्न मनाया गया। औद्योगिक शहर आसनसोल के कई इलाकों में सुबह लड्डू बांटे गए और प्रशंसकों ने ढोल की थाप पर नृत्य किया और अर्जेंटीना के झंडे लहराए।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)