प्रयागराज, सात जुलाई संगम नगरी को आगामी महाकुम्भ से पहले पॉलीथिन मुक्त बनाने के लिए प्रयागराज स्मार्ट सिटी लिमिटेड ने “नेकी की दीवार” नाम से एक अनूठी पहल की है जिसे स्थानीय लोगों का जबरदस्त समर्थन मिल रहा है।
प्रयागराज स्मार्ट सिटी के परियोजना प्रबंधक (तकनीकी) एस के सिन्हा ने सिविल लाइंस में जिला महिला व्यापार मंडल द्वारा स्थापित “नेकी की दीवार” के उद्घाटन के मौके पर बताया कि नेकी की दीवार पर शहर के लोग घर में अनुपयोगी वस्तुएं जैसे कपड़े, जूते, फैंसी वस्तुएं, किताबें आदि छोड़ सकते हैं जिसका उपयोग जरूरतमंद लोग कर सकेंगे।
उन्होंने बताया, हमने कपड़े के थैले तैयार करने के लिए आईटीआई प्रयागराज से समझौता किया है, जो हमारे लिए कपड़े के झोले सिलेगा और इन थैलों को सब्जी विक्रेताओं को वितरित किया जाएगा। सब्जी विक्रेता अपने ग्राहकों को पॉलीथिन में सब्जी देने के बजाय इन थैलों में सब्जी देंगे।
सिन्हा ने बताया कि इन कपड़ों से थैले तैयार किए जाने के दौरान जो कतरनें बचेंगी उनका उपयोग तकिया और गद्दे तैयार करने में किए जाएंगे और जाड़े में ये गद्दे और तकिये गरीबों में बांटने के काम आएंगे।
उन्होंने बताया कि इस मुहिम में महिला व्यापार मंडल, पार्षदगण और स्थानीय लोग बढ़ चढ़कर शामिल हो रहे हैं।
प्रयागराज में इस तरह की 25 नेकी की दीवारें तैयार करने का लक्ष्य रखा गया है। शुक्रवार को शहर में दूसरी नेकी की दीवार का उद्घाटन किया गया।
जिला महिला व्यापार मंडल की अध्यक्ष अवंतिका टंडन ने पीटीआई- को बताया कि उनके संगठन की महिलाओं ने और चार नेकी की दीवार स्थापित करने की प्रतिबद्धता जताई है ।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY