रायगढ़ (छत्तीसगढ़), 19 सितंबर जिले में एक निजी बैंक के प्रबंधक पर हमला कर डकैतों ने 5.62 लाख रुपए से अधिक कीमत की नकदी और सोने के जेवर लूट लिए। पुलिस अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
पुलिस अधिकारियों ने बताया, बैंक अधिकारियों के मुताबिक बैंक में करीब सात करोड़ रुपये नकद और डेढ़ करोड़ रुपये मूल्य का सोना रखा था जिसमें से डकैतों ने नकद और सोने के जेवर मिलाकर पांच करोड़ 62 लाख 55 हजार रुपए की लूट की है।
रायगढ़ जिले के पुलिस अधीक्षक सदानंद कुमार ने बताया कि पुलिस को जानकारी मिली है कि आज सुबह करीब नौ बजे शहर के जगतपुर इलाके के ढिमरापुर चौक के करीब एक्सिस बैंक की एक शाखा में लगभग सात नकाबपोश बदमाश घुस गए।
कुमार ने बताया कि बैंक में घुसते ही डकैतों ने बैंक प्रबंधक के पैर में चाकू मारकर उन्हें घायल कर दिया और थैलों में नकदी और सोना भरकर फरार हो गए।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि डकैती के वक्त बैंक के स्ट्रांग रुम में करीब सात करोड़ रुपए नकद और लगभग डेढ़ करोड़ रुपए मूल्य का सोना था।
उन्होंने बताया कि फॉरेंसिक दल और बैंक के ऑपरेशन मैनेजर की निगरानी में डकैती की रकम की गणना की गई। उन्होंने बताया कि बैंक से चार करोड़ 19 लाख 46 हजार रुपए नकद और 78 पैकेट्स में लोन के लिए गिरवी रखवाए गए कुल 2.917 किलोग्राम के सोने के आभूषण की डकैती हुई है, जिनका वर्तमान बाजार मूल्य लगभग एक करोड़ 43 लाख नौ हजार एक सौ सतहत्तर रूपए है। बैंक से कुल पांच करोड़ 62 लाख 55 हजार एक सौ सतहत्तर रूपए की डकैती हुई है।
बिलासपुर क्षेत्र के पुलिस महानिरीक्षक अजय यादव ने बताया कि पुलिस को जानकारी मिली है कि डकैत सुबह बैंक खुलते ही शाखा में घुस गए और सबसे पहले चौकीदार को अपने कब्जे में लिया।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)











QuickLY