ढाका, 11 सितंबर फ्रांसीसी राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों की यहां प्रधानमंत्री शेख हसीना के साथ व्यापक वार्ता के बाद बांग्लादेश और फ्रांस ने बुनियादी ढांचे में सहयोग को बेहतर बनाने तथा पहले पृथ्वी अवलोकन उपग्रह के निर्माण के लिए सोमवार को दो द्विपक्षीय समझौतों पर हस्ताक्षर किए।
मैक्रों नयी दिल्ली में जी20 शिखर सम्मेलन में भाग लेने के बाद रविवार को भारत से ढाका पहुंचे। 1990 के बाद यह किसी फ्रांसीसी राष्ट्रपति की बांग्लादेश की पहली यात्रा थी। उनसे पहले फ्रांस्वा मिटर्रैंड ने फरवरी 1990 में बांग्लादेश की यात्रा की थी।
हसीना ने कहा कि फ्रांस ने बांग्लादेश की संप्रभु स्वतंत्रता नीति के प्रति, विशेष रूप से भूराजनीतिक अस्थिरता और आर्थिक अनिश्चितता के संदर्भ में समर्थन व्यक्त किया।
मैक्रों के साथ वार्ता के बाद संयुक्त संवाददाता सम्मेलन में उन्होंने कहा, "हम दोनों को उम्मीद है कि बांग्लादेश और फ्रांस के बीच यह नया रणनीतिक कदम क्षेत्रीय और वैश्विक स्थिरता एवं शांति स्थापित करने में प्रभावी भूमिका निभाएगा।"
यूएनबी न्यूज ने हसीना के हवाले से कहा, "फ्रांस सरकार ने बांग्लादेशी लोगों के मौलिक और मानव अधिकारों की रक्षा में बांग्लादेश सरकार की प्रतिबद्धता पर संतोष व्यक्त किया।"
उन्होंने कहा कि फ्रांस ने बांग्लादेश को बुनियादी ढांचे के विकास में निरंतर सहयोग देने का आश्वासन दिया है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)












QuickLY