जरुरी जानकारी | हरित हाइड्रोजन, अमोनिया उपक्रमों के वित्तपोषण के लिए अवादा ने किया 1.07 अरब डॉलर जुटाने का करार

नयी दिल्ली, 26 अप्रैल एकीकृत ऊर्जा मंच अवादा ग्रुप ने ब्रुकफील्ड रिन्यूएबल और द ग्लोबल पावर सिनर्जी पब्लिक कंपनी लिमिटेड (जीपीएससी) से 1.07 अरब डॉलर का वित्तपोषण जुटाने के लिए करार किया है।

कंपनी इन पूंजी का उपयोग भारत में अपने हरित हाइड्रोजन और हरित अमोनिया उपक्रमों के वित्तपोषण पर करेगी।

कंपनी ने बुधवार को बयान में कहा कि ब्रुकफील्ड रिन्यूएबल अपने ब्रुकफील्ड ग्लोबल ट्रांजिशन फंड (बीजीटीएफ) के जरिये अवादा वेंचर्स प्राइवेट लिमिटेड में एक अरब डॉलर तक का निवेश करेगी।

बयान में कहा गया है कि जीपीएससी अवादा एनर्जी प्राइवेट लिमिटेड में 6.8 करोड़ डॉलर का निवेश करेगी।

पूंजी जुटाने का यह समझौता अवादा ग्रुप की 1.3 अरब डॉलर का कोष जुटाने की योजना का हिस्सा है।

इसमें कहा गया है कि समूह अन्य संभावित निवेशकों से 20 करोड़ डॉलर और जुटाने के लिए भी बातचीत कर रहा है।

अवादा ग्रुप के चेयरपर्सन और संस्थापक विनीत मित्तल ने कहा, मैं कंपनी के विकास के अगले चरण में शामिल होने के लिए ब्रुकफील्ड के साथ जुड़ने से खुश हूं। यह सहयोग रोमांचक अवसरों का पता लगाने में हमारी मदद करेगा।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)