देश की खबरें | तृणमूल कांग्रेस और भाजपा उम्मीदवारों पर हमला, पांच गिरफ्तार

आरामबाग (पश्चिम बंगाल), छह अप्रैल पश्चिम बंगाल पुलिस ने आरामबाग से तृणमूल कांग्रेस प्रत्याशी सुजाता मंडल पर मंगलवार को हुए हमले में कथित संलिप्तता को लेकर तृणमूल कांग्रेस के तीन और भाजपा के दो सदस्यों को गिरफ्तार किया। एक पुलिस अधिकारी ने यह जानकारी दी।

पुलिस ने यह भी कहा कि उलूबेरिया (दक्षिण) से भाजपा उम्मीदवार पापिया अधिकारी पर हमला करने वालों को वह तलाशने में जुटी हुई है। जब अधिकारी अपने एक घायल पार्टी कार्यकर्ता से मिलने अस्पताल गयी थीं तब उनपर हमला किया गया था।

ये हमले उन झड़पों का हिस्सा है जो बंगाल के कई हिस्सों से सामने आयी है। राज्य में आज तीसरे चरण के विधानसभा चुनाव हो रहे हैं।

तारकेश्वर से भाजपा प्रत्याशी स्वप्न दासगुप्ता को कथित रूप से गालियां दी गयीं । वह मतदान केंद्रों का चक्कर लगा रहे थे। पार्टी सूत्रों ने यह जानकारी दी।

आरामबाग से प्रत्याशी मंडल ने कहा कि जब वी अरंडी क्षेत्र में मतदान केंद्रों पर गयीं तब भाजपा के लोगों ने उनका पीछा किया एवं उनके सिर पर वार किया। उन्होंने कहा कि उन्हें सूचना मिली थी कि मतदाताओं को मताधिकार का इस्तेमाल नहीं करने दिया जा रहा है।

भाजपा सांसद सौमित्र खान से अलग रह रही उनकी पत्नी मंडल ने कहा, ‘‘ मेरे अंगरक्षकों ने मेरी जान बचायी....मुझे पता चला था कि अरंडी में भाजपा के सदस्य लोगों को वोट नहीं डालने दे रहे हैं। मैं यह पता करने गयी कि क्या गडबड़ चल रहा है। मुझ पर भगवा पार्टी के लोगों ने लाठी-डंडे से हमला किया। ’’

हिंसा की एक अन्य घटना में तृणमूल प्रत्याशी डॉ. निर्मल मांझी ने कहा कि उलूबेरिया (उत्तर) निर्वाचन क्षेत्र में जब उन्होंने एक मतदान केंद्र पर जाने का प्रयास किया तब उनके साथ भाजपा समर्थकों ने ‘‘धक्का-मुक्की’ की।

मांझी को हेलमेट लगाना पड़ा और पुलिस ने उन्हें बाहर निकाला।

एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि उनका एक सुरक्षा कर्मी गंभीर रूप से घायल हो गया, और उसका एक स्थानीय अस्पताल में इलाज चल रहा है। उनपर ईंट -पत्थर फेंके गये थे।

अधिकारियों ने बताया कि मुख्य निर्वाचन अधिकारी आरिज आफताब ने मंगलवार को हुई चुनावी हिंसा के सिलसिले में चुनावकर्मियों से रिपोर्ट मांगी है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)