देश की खबरें | मुख्यमंत्री सचिवालय पर हमला पूर्व नियोजित, संगमा को नुकसान पहुंचाने की थी साजिश : मेघालय डीजीपी

शिलांग, 25 जुलाई मेघालय के पुलिस प्रमुख एल.आर. बिश्नोई ने मंगलवार को बताया कि तुरा में मुख्यमंत्री कार्यालय पर 24 जुलाई को भीड़ द्वारा किया गया हमला पूर्व नियोजित था और मुख्यमंत्री कोनराड संगमा को शारीरिक नुकसान पहुंचाने की साजिश रची गई थी।

पुलिस महानिदेशक ने बताया कि सभी साजिशकर्ताओं को गिरफ्तार कर जेल की सलाखों के पीछे पहुंचाया जाएगा।

उन्होंने बताया कि घटना में कथित संलिप्तता के लिए विपक्षी तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के नेता रिचर्ड एम. मारक सहित कम से कम 19 लोगों को गिरफ्तार किया गया है।

उन्होंने बताया कि पत्थरबाजी और आगजनी की घटना के वीडियो फुटेज की मदद से अन्य 26 लोगों की पहचान की गई है। अधिकारी ने बताया, ''खुफिया जानकारी से यह संकेत मिला है कि भीड़ ने पत्थर और बोतल को मुख्यमंत्री के सिर पर मारकर उनकी हत्या करने की साजिश रची थी।''

बिश्नोई ने बताया, ''टीएमसी नेता ने मुख्यमंत्री को शारीरिक नुकसान पहुंचाने के लिए भीड़ को उकसाया था और हत्या आदि जैसे अतिवादी कदम उठाने के लिए भीड़ को भड़काने का काम किया था। हिंसक युवाओं के इस तरह के कृत्य यह दर्शाते हैं कि घटना पूर्व नियोजित थी और मुख्यमंत्री को शारीरिक नुकसान पहुंचाने की साजिश रची गई थी।''

प्रदेश पुलिस प्रमुख ने बताया कि हालात अब पूरी तरह से काबू में हैं। उन्होंने बताया, ''मैं यह स्पष्ट कर देना चाहता हूं कि हिंसा, मुख्यमंत्री पर हमले के प्रयास और सरकारी वाहनों को नुकसान पहुंचाने में शामिल जो कोई भी है उसे बख्शा नहीं जाएगा और जल्द ही उन्हें सलाखों के पीछे पहुंचा दिया जाएगा।''

उन्होंने बताया कि पुलिस साजिशकर्ताओं की तलाश में जुटी है और सोमवार रात से छापेमारी कर रही है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)