देश की खबरें | भीम आर्मी प्रमुख चंद्रशेखर आजाद पर हमला

सहारनपुर (उप्र), 28 जून उत्तर प्रदेश के सहारनपुर के देवबंद में बुधवार को अज्ञात हमलावरों ने भीम आर्मी प्रमुख चंद्रशेखर आजाद पर गोली चला दी, जिससे वह घायल हो गये। पुलिस अधिकारी यह जानकारी दी।

नगर पुलिस अधीक्षक अभिमन्यू मांगलिक ने बताया, ‘‘आजाद बुधवार को देवबंद में अपनी पार्टी के किसी कार्यकर्ता के घर से छुटमलपुर लौट रहे थे, जब उनकी गाड़ी देवबंद क्षेत्र में थी, तभी हरियाणा नम्बर की एक कार में सवार होकर आए हमलावरों ने चंद्रशेखर पर कई राउंड गोली चलायी, जिससे एक गोली उनके पेट को छूती हुई निकल गई। इस गोलीबारी में कार के शीशे भी टूट गये।’’

मांगलिक ने बताया, ‘‘घायल चन्द्रशेखर को देवबंद के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराने के बाद प्राथमिक उपचार देकर जिला चिकित्सालय भेज दिया गया है, जहां उनकी हालत स्थिर बताई जाती है।’’

अधिकारी ने बताया कि जिले की सीमाओं को सील कर दिया गया है और हमलावरों की तलाश की जा रही है, वहीं सीसीटीवी कैमरों की मदद से हमलावरों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। हमलावरों की तलाश में आसपास के जिलों को भी अलर्ट कर दिया गया है।

उधर आजाद पर हमले की सूचना मिलते ही उनके समर्थकों का चिकित्सालय में तांता लग गया । घटना की जानकारी मिलते ही सहारनपुर के जिलाधिकारी दिनेश चन्द्र और वरिष्‍ठ पुलिस अधीक्षक विपिन टांडा भी अस्पताल पहुंचे।

समाजवादी पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव ने आजाद पर हमले के आलोक में ट्वीट किया, ''सहारनपुर के देवबंद में आज़ाद समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष चन्द्रशेखर आज़ाद पर सत्ता संरक्षित अपराधियों के द्वारा जानलेवा हमला घोर निंदनीय एवं कायरतापूर्ण कृत्य है। भाजपा राज में जब जनप्रतिनिधि ही सुरक्षित नहीं, तो आम जनता का क्या होगा। उप्र में जंगलराज।’’

सपा के वरिष्‍ठ नेता शिवपाल यादव ने कहा, ‘‘चंद्रशेखर पर हुआ जानलेवा हमला प्रदेश के खोखले हो चुके कानून व्यवस्था के लिए एक खतरा है। जाग जाओ सरकार।’’

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)