खेल की खबरें | केरल ब्लास्टर्स पर जीत से एटीके मोहन बागान का प्लेऑफ में स्थान पक्का
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Sports at LatestLY हिन्दी. आयरलैंड के मिडफील्डर कार्ल मैकहग के दो गोल की मदद से एटीके मोहन बागान ने शनिवार को यहां केरल ब्लास्टर्स को 2-1 से हराकर इंडियन सुपर लीग (आईएसएल) फुटबॉल प्रतियोगिता के प्लेऑफ में अपना स्थान पक्का कर लिया है।
कोलकाता, 18 फरवरी आयरलैंड के मिडफील्डर कार्ल मैकहग के दो गोल की मदद से एटीके मोहन बागान ने शनिवार को यहां केरल ब्लास्टर्स को 2-1 से हराकर इंडियन सुपर लीग (आईएसएल) फुटबॉल प्रतियोगिता के प्लेऑफ में अपना स्थान पक्का कर लिया है।
मैकहग ने 23वें और 71वें मिनट में गोल दागे और उनको हीरो ऑफ द मैच घोषित किया गया। केरल ब्लास्टर्स के लिए एकमात्र गोल यूनानी स्ट्राइकर दिमित्रियोस डायनामेंटकोस ने 16वें मिनट में किया।
इस जीत से एटीके मोहन बागान अंक तालिका में पांचवें से तीसरे स्थान पर आ गया है। उसके 19 मैचों में नौ जीत, चार ड्रा और छह हार से 31 अंक हो गए हैं। वह बेंगलुरू एफसी (31) और केरल ब्लास्टर्स (31) से बेहतर गोल अंतर से आगे हैं।
ब्लास्टर्स की टीम तीसरे से पांचवें स्थान पर लुढ़क गई है। उसके 19 मैचों में दस जीत, एक ड्रा और आठ हार से 31 अंक हैं।
इससे पहले हैदराबाद में खेले गए मैच में जमशेदपुर एफसी ने दस खिलाड़ियों के साथ खेलने और शुरू में पिछड़ने के बावजूद सेमीफाइनल दौर में स्थान पक्का कर चुकी हैदराबाद एफसी को 3-2 से हराया।
जमशेदपुर की की जीत में विंगर रित्विक दास (24वें), इंग्लैंड के मिडफील्डर जे एमैनुएल थॉमस (27वें) और नाइजीरियाई स्ट्राइकर डेनियल चीमा चुक्वु (29वें मिनट में) ने गोल दागे। हैदराबाद की तरफ से दोनों गोल नाइजीरियाई स्ट्राइकर बार्थोलोम्यू ओग्बेचे (12वें और 79वें मिनट) ने किये।
इस हार के बावजूद हैदराबाद अंक तालिका में दूसरे स्थान पर बना हुआ है। उसके 19 मैचों में 12 जीत, तीन ड्रा और चार हार से 39 अंक हैं।
दूसरी तरफ जमशेदपुर की टीम बेहतर गोल अंतर के आधार पर ईस्ट बंगाल एफसी को पीछे छोड़ते हुए नौवें स्थान पहुंच गई है। जमशेदपुर एफसी के 19 मैचों में चार जीत, चार ड्रा और 11 हार से 16 अंक हो गए हैं। ईस्ट बंगाल के भी 16 अंक हैं।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Feb 18, 2023 10:30 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

