देश की खबरें | प्रयागराज से प्रतापगढ़ जेल स्थानांतरित किए गए अतीक और अशरफ के हत्यारोपी

लखनऊ, 17 अप्रैल माफिया-नेता अतीक अहमद और उसके भाई अशरफ की हत्या करने वाले तीन आरोपियों को सोमवार को प्रयागराज की केंद्रीय जेल से प्रतापगढ़ जिला कारागार में स्थानांतरित कर दिया गया। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।

पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि हमीरपुर के सनी (23), बांदा के लवलेश तिवारी (22) और कासगंज के अरुण कुमार मौर्य (18) को प्रशासनिक आधार पर प्रयागराज की केंद्रीय कारागार से जिला जेल प्रतापगढ़ स्थानांतरित किया गया है।

उन्होंने कहा कि तीनों को दोपहर 12 बजे प्रयागराज से ले जाया गया और दोपहर दो बजकर 10 मिनट पर वे प्रतापगढ़ पहुंचे।

सनी, लवलेश और अरुण ने 15 अप्रैल की रात अतीक और अशरफ की उस वक्त हत्या कर दी थी जब उन्हें चिकित्सकीय जांच के बाद अस्पताल से वापस लाया जा रहा था।

अतीक का बेटा अली प्रयागराज जेल में बंद है। जेल अधिकारियों ने अली के स्वास्थ्य के संबंध में मीडिया के एक वर्ग में आई खबरों का भी खंडन किया और कहा कि ये खबरें ‘‘सच नहीं’’ है और अली ‘‘पूरी तरह से स्वस्थ’’ है।

मीडिया के एक वर्ग में इस तरह की खबरें आ रही हैं कि पिता और चाचा की हत्या की खबर सुनकर अली की तबीयत बिगड़ गई है।

पुलिस के मुताबिक तीनों हमलावर पत्रकार बनकर आये थे, जिनके पास वीडियो कैमरा, माइक और मीडिया पहचान पत्र थे। अतीक और अशरफ को गोली मारने के बाद तीनों हमलावरों को पुलिसकर्मियों ने पकड़ लिया था। हमलावर सनी एक पेशेवर अपराधी है और हमीरपुर जिले के कुरारा थाने में उसके खिलाफ मामले दर्ज हैं।

हमीरपुर जिले के कुरारा थाना के प्रभारी निरीक्षक (एसएचओ) पवन कुमार पटेल ने ‘पीटीआई-’ को रविवार को बताया था कि थाना क्षेत्र के वार्ड नंबर 11 कस्बा कुरारा निवासी मोहित सिंह उर्फ सनी का पुराना आपराधिक इतिहास है और उसके खिलाफ लूट, आयुध अधिनियम और हत्या के प्रयास के मामले दर्ज हैं।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)