भाजपा में 75 की उम्र में सेवानिवृत्ति का नियम नहीं, संजय राउत नहीं तय कर सकते प्रधानमंत्री मोदी का कार्यकाल: चंद्रशेखर बावनकुले
भारतीय जनता पार्टी की महाराष्ट्र इकाई के अध्यक्ष चंद्रशेखर बावनकुले ने मंगलवार को कहा कि पार्टी में ऐसा कोई नियम नहीं है कि किसी व्यक्ति को 75 साल की उम्र में सेवानिवृत्त होना होगा और यह देश की जनता है, जो प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का कार्यकाल तय करेगी.
मुंबई, 1 अप्रैल : भारतीय जनता पार्टी की महाराष्ट्र इकाई के अध्यक्ष चंद्रशेखर बावनकुले ने मंगलवार को कहा कि पार्टी में ऐसा कोई नियम नहीं है कि किसी व्यक्ति को 75 साल की उम्र में सेवानिवृत्त होना होगा और यह देश की जनता है, जो प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का कार्यकाल तय करेगी. उन्होंने शिवसेना नेता संजय राउत के इस दावे को खारिज कर दिया कि मोदी ने नागपुर में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ मुख्यालय जाकर यह बताया कि वह सेवानिवृत्त हो रहे हैं. उन्होंने इस बयान को एक “राजनीतिक स्टंट” बताया. बावनकुले ने ‘एक्स’ पर कहा, “भाजपा में ऐसा कोई नियम नहीं है कि मोदी को 75 वर्ष की उम्र के बाद राजनीति से संन्यास ले लेना चाहिए, न ही ऐसा कोई निर्णय लिया गया है.”
इससे एक दिन पहले मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने राउत के दावे को खारिज किया था. बावनकुले ने कहा कि भारतीय संविधान भी इस तरह का कोई प्रतिबंध नहीं लगाता है. उन्होंने कहा, “भाजपा के पूर्व नेता अटल बिहारी वाजपेयी 79 वर्ष की आयु तक प्रधानमंत्री रहे, जबकि मोरारजी देसाई (83) और डॉ. मनमोहन सिंह (81) भी 75 वर्ष की आयु के बाद प्रधानमंत्री पद पर रहे. भाजपा के प्रति दुश्मनी की पट्टी आंखों पर बांधे राउत हालांकि यह भूल गए हैं.” यह भी पढ़ें : सीबीआई को एआई जनित बदलावों के मद्देनजर शिक्षा, उद्योग जगत के दिग्गजों संग सहयोग बढ़ाना चाहिए: वैष्णव
बावनकुले ने कहा कि भारतीय लोकतंत्र में प्रधानमंत्री का कार्यकाल चुनावी जनादेश और जनता के समर्थन से तय होता है, न कि राउत जैसे व्यक्तियों से.
उन्होंने कहा, “प्रधानमंत्री के रूप में मोदी जी का कार्यकाल इस देश की जनता तय करती है, संजय राउत या विपक्ष नहीं.” भाजपा नेता ने कहा कि मोदी ने 2047 तक भारत को एक विकसित राष्ट्र बनाने का संकल्प लिया है और “यह सपना उनके नेतृत्व में साकार होगा”. महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेन्द्र फडणवीस ने सोमवार को कहा था कि मोदी 2029 के बाद भी देश का नेतृत्व करते रहेंगे. प्रधानमंत्री के रूप में यह मोदी का तीसरा कार्यकाल है और इस वर्ष सितंबर में वह 75 वर्ष के हो जाएंगे.
(The above story first appeared on LatestLY on Apr 01, 2025 05:14 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

