देश की खबरें | असम पुलिस प्रश्नपत्र लीकः एसएलपीआरबी के अध्यक्ष ने इस्तीफा दिया, अभ्यर्थियों से माफी मांगी
एनडीआरएफ/प्रतीकात्मक तस्वीर (Photo Credits: ANI)

गुवाहाटी, 27 सितंबर पुलिस भर्ती परीक्षा का प्रश्नपत्र लीक होने की नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए असम राज्य स्तर पुलिस भर्ती बोर्ड (एसएलपीआरबी) के अध्यक्ष प्रदीप कुमार ने रविवार को इस्तीफा दे दिया। प्रश्नपत्र लीक होने के बाद परीक्षा को रद्द कर दिया गया था।

कुमार ने कहा," भर्ती परीक्षा साजिश की वजह से नहीं हो सकी। इस वजह से परीक्षा देने वाले अभ्यर्थियों को परेशानी हुई। मैं उनसे तथा उनके परिवारों से माफी मांगता हूं।"

यह भी पढ़े | IPL Match 2020: पंजाब की टीम ने राजस्थान को दिया 224 रनों का लक्ष्य: 27 सितंबर 2020 की बड़ी खबरें और मुख्य समाचार LIVE.

उन्होंने कहा, " मैं परीक्षा सफलतापूर्वक कराने में नाकाम होने की नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए एसएलपीआरबी के अध्यक्ष पद से इस्तीफा देता हूं।"

गुवाहाटी पुलिस की अपराध शाखा तथा सीआईडी प्रश्नपत्र लीक मामले की जांच कर रही है। उसने अपनी जांच का दायरा बढ़ाया है और अलग अलग स्थानों पर छापा मारा है, जिनमें मुख्यतः पूर्व डीजीपी पीके दत्ता के स्वामित्व वाली बेहिसाब संपत्तियां हैं।

यह भी पढ़े | सीएम अरविंद केजरीवाल को बड़ा झटका, पूर्व सांसद अजय कुमार आप छोड़ कांग्रेस में फिर से हुए शामिल.

असम पुलिस के महानिदेशक (डीजीपी) भास्कर ज्योति मोहंता ने बताया, " हमारी जांच अपराध के सभी पहलुओं को कवर कर रही है। सीआईडी और अपराध शाखा के साथ ही जिला पुलिस के अधिकारी भी जांच में शामिल हैं। "

उन्होंने बताया कि इस बाबत 13 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका हैं, जिनमें राज्य सिंचाई विभाग की एक महिला कर्मचारी एवं असम पुलिस के विशेष कार्यबल का एक कर्मी शामिल है।

बीस सितंबर को असम पुलिस में 597 पदों पर अशस्त्र उप-निरीक्षकों की भर्ती की परीक्षा का प्रश्नपत्र लीक हो गया था। एसएलपीआरबी ने परीक्षा शुरू होने के बाद उसे रद्द कर दिया था।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)