देश की खबरें | असम: थाने में लड़की के यौन उत्पीड़न के आरोप में पुलिस निरीक्षक को किया गया निलंबित

गुवाहाटी/नलबारी, 29 जून असम के नलबारी जिले में थाने के अंदर एक लड़की का कथित रूप से यौन उत्पीड़न करने तथा उसका ‘आपत्तिजनक फोटो’ खींचने के आरोपी एक निरीक्षक को निलंबित कर दिया गया है। वह फिलहाल फरार है। एक शीर्ष पुलिस अधिकारी ने यह जानकारी दी।

अधिकारी ने बताया कि इस घटना की जांच का भी आदेश दिया गया है।

पुलिस के अनुसार, 17 वर्षीय एक लड़की ने सोमवार को घोगरापर थाने के प्रभारी के खिलाफ थाने में उसके साथ छेड़खानी करने और उसका आपत्तिजनक फोटो खींचने की शिकायत दर्ज कराई थी। उस लड़की और एक व्यक्ति को बाल विवाह के सिलसिले में 21 जून को हिरासत में लिया गया था।

पुलिस महानिदेशक जी पी सिंह ने बृहस्पतिवार को एक ट्वीट में कहा कि निरीक्षक इस मामले में मुख्य आरोपी है और वह फिलहाल फरार है।

उन्होंने कहा, ‘‘जो भी व्यक्ति उसके (आरोपी के) अता-पता के बारे में नलबारी के पुलिस अधीक्षक को सूचना उपलब्ध कराएगा, उसे उचित इनाम दिया जाएगा।’’

महिला का शील भंग करने के इरादे से किसी इंसान को गलत तरीके से बंधक बनाकर रखने को लेकर भारतीय दंड संहिता (आईपीसी) के साथ-साथ यौन अपराध से बच्चों का संरक्षण (पॉक्सो) अधिनियम की कुछ धाराओं के तहत नलबारी थाने में मामला दर्ज किया गया है।

सिंह ने कहा कि यह मामला नलबारी की एक अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक को जांच के लिए सौंपा गया है तथा मध्य पश्चिमी रेंज के पुलिस महानिरीक्षक ब्रजेनजीत सिंह को जिले का दौरा करने और प्राथमिक रिपोर्ट बृहस्पतिवार तक देने को कहा गया है।

उन्होंने कहा, ‘‘थाने में सीसीटीवी कैमरे लगे हैं..यदि यह (आरोप) सच पाया जाता है तो कठोरतम कानूनी कार्रवाई की जाएगी।’’

नलबारी के पुलिस अधीक्षक सुधाकर सिंह ने संवाददाताओं को बताया कि थाने का सीसीटीवी फुटेज ले लिया गया है और विशेषज्ञों की टीम उसे खंगाल रही है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)