देश की खबरें | असम कांग्रेस दिल्ली पुलिस के पार्टी मुख्यालय में प्रवेश करने के खिलाफ विरोध-प्रदर्शन करेगी

गुवाहाटी, 15 जून असम कांग्रेस ने अपने राष्ट्रीय मुख्यालय में कथित तौर पर घुसने के लिए दिल्ली पुलिस की आलोचना करते हुए बुधवार को राज्य भर में अगले दो दिनों में बड़े पैमाने पर विरोध-प्रदर्शन करने की घोषणा की।

गुवाहाटी में एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए असम कांग्रेस के अध्यक्ष भूपेन कुमार बोरा ने दिन की घटनाओं को ‘भारत की आजादी के बाद एक काला अध्याय करार दिया, जिसकी शुरुआत केंद्र में सत्तारूढ़ भाजपा सरकार ने की है।’

उन्होंने कहा, “हम हैरान और दुखी हैं कि दिल्ली पुलिस ने नयी दिल्ली में कांग्रेस मुख्यालय में प्रवेश किया और हमारे कई सहयोगियों को पीटा। ऐसा देश में कहीं भी नहीं हुआ है।”

बोरा ने आरोप लगाया कि दिल्ली पुलिस ने अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) के कार्यालय के कमरों पर कब्जा कर लिया और कार्यकर्ताओं के साथ मारपीट की।

उन्होंने कहा, “भारत के बहुदलीय लोकतंत्र का अनादर कर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) अपना एकतरफा और तानाशाही रवैया दिखा रही है। इसके विरोध में देशभर की सभी प्रदेश कांग्रेस इकाइयां बृहस्पतिवार सुबह 11 बजे राजभवनों के सामने धरना देंगी।”

बोरा ने कहा कि शुक्रवार को देशभर के सभी जिलों में जिलाधिकारी कार्यालयों के सामने विरोध-प्रदर्शन किया जाएगा।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)