देश की खबरें | एशिया कप: भारतीय टीम में हो सकते है अतिरिक्त खिलाड़ी, चयन समिति की बैठक में शामिल होंगे द्रविड़

नयी दिल्ली, 19 अगस्त अजीत अगरकर की अगुवाई वाली भारतीय चयन समिति पांच अक्टूबर में शुरू होने वाले एकदिवसीय विश्व कप से पहले सभी संभावित विकल्पों को परखने के लिए आगामी एशिया कप के लिए 17 सदस्यीय टीम का चयन कर सकती है।

यह भी पता चला है कि बीसीसीआई (भारतीय क्रिकेट बोर्ड) पहली बार चयन बैठक की परंपरा से हट रहा है और मुख्य कोच राहुल द्रविड़ भी सोमवार सुबह राष्ट्रीय राजधानी में होने वाली बैठक के दौरान मौजूद रहेंगे।

 इससे पहले रवि शास्त्री और अनिल कुंबले जैसे दिग्गज भी राष्ट्रीय कोच के रूप में अपने कार्यकाल के दौरान चयन बैठकों का हिस्सा नहीं बने थे।

क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया में मुख्य कोच एनएसपी (राष्ट्रीय चयन पैनल) का हिस्सा होता है लेकिन भारत में राष्ट्रीय टीम के कोच और कप्तान को चयन मामलों में मतदान का अधिकार नहीं है।

अभी यह पुष्टि नहीं हुई है कि कप्तान रोहित शर्मा और द्रविड़ दोनों बैठक में शारीरिक रूप से शामिल होंगे या वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़ेंगे।

लोकेश राहुल (जांघ) और श्रेयस अय्यर (पीठ के निचले हिस्से) जैसे चोट से उबर रहे प्रमुख खिलाड़ियों ने अभी तक अपनी फिटनेस साबित नहीं की है। बीसीसीआई अधिकारी और चयनकर्ता सुरक्षित विकल्प चुन सकते हैं जो श्रीलंका में एशिया कप के दौरान उन्हें पांच (अगर फाइनल में पहुंचे तो छह) मैचों में सभी उपलब्ध खिलाड़ियों को परखने का मौका देगा।

एशियाई क्रिकेट परिषद (एसीसी) ने एशिया कप के लिए 17 सदस्यीय टीम का प्रावधान रखा है। इसी के मुताबिक पाकिस्तान, बांग्लादेश ने 17 सदस्यीय टीम चुनी है।

बीसीसीआई के एक सूत्र ने गोपनीयता की शर्त पर पीटीआई को बताया, ‘‘विश्व कप के लिए 15 सदस्यीय अस्थायी टीम चुनने की संभावना है, जिसे पांच सितंबर तक जमा करना होगा। इसमें सूची में हालांकि कोई भी टीम बदलाव कर सकती है। टीमों की अंतिम सूची सौंपने की समय सीमा 27 सितंबर है।’’

उन्होंने कहा, ‘‘एशिया कप के लिए और अधिक खिलाड़ियों को चुना जा सकता है।’’

‘पीटीआई-’ ने शुक्रवार को ही रिपोर्ट दी है कि राहुल पूरी फिटनेस हासिल करने के करीब हैं, जबकि ‘ईएसपीएन क्रिकइन्फो’ की एक रिपोर्ट में कहा गया है कि अय्यर ने एनसीए में अभ्यास मैच में 38 ओवर तक बल्लेबाजी और 50 ओवर तक क्षेत्ररक्षण की।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)