देश की खबरें | एएसआई ने भोजशाला परिसर का सर्वेक्षण शुरू किया, अधिकारी ने कहा- पूजा, नमाज प्रथा के अनुसार जारी रहेगी
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (एएसआई) के एक दल ने शुक्रवार को मध्य प्रदेश के आदिवासी बहुल धार जिले में स्थित विवादास्पद भोजशाला/कमाल मौला मस्जिद परिसर का सर्वेक्षण शुरू किया।
धार (मप्र), 22 मार्च भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (एएसआई) के एक दल ने शुक्रवार को मध्य प्रदेश के आदिवासी बहुल धार जिले में स्थित विवादास्पद भोजशाला/कमाल मौला मस्जिद परिसर का सर्वेक्षण शुरू किया।
एएसआई के दल में 10 से अधिक सदस्य शामिल हैं। एएसआई का यह दल सुबह परिसर में पहुंची, इस दल के साथ स्थानीय पुलिस और जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी भी थे।
मामले में याचिकाकर्ताओं में से एक आशीष गोयल एएसआई के दल के साथ मौजूद थे। गोयल ने संवाददाताओं को बताया कि एएसआई दल ने दोपहर तक काम किया और फिर परिसर से चला गया।
हिंदू और मुस्लिम दोनों ही इस स्थल को उपासना स्थल मानते हैं।
यह पूछे जाने पर कि क्या मुसलमानों को स्थल पर उपासना करने की अनुमति दी जाएगी, धार के पुलिस अधीक्षक (एसपी) मनोज कुमार सिंह ने कहा कि मंगलवार को पूजा और शुक्रवार को नमाज प्रथा के अनुसार आयोजित की जाएगी। एसपी ने कहा कि वह इस मामले पर एएसआई अधिकारियों के साथ चर्चा करेंगे और आस्था से जुड़ी गतिविधियों के लिए पर्याप्त व्यवस्था करेंगे।
गोयल ने कहा कि भोजशाला परिसर का सर्वेक्षण करने के लिए 15 सदस्यीय दल सुबह-सुबह स्थल पर पहुंचा। उन्होंने कहा कि उनके जैसे याचिकाकर्ताओं का प्रतिनिधित्व करने वाले एक प्रमुख संगठन हिंदू फ्रंट फॉर जस्टिस के सदस्य भी सर्वेक्षण के दौरान मौजूद थे।
गोयल ने कहा, ‘‘आज उन्होंने सर्वे कराने के लिए जमीनी स्तर पर तैयारी की। उच्च न्यायालय के निर्देशानुसार, दल द्वारा जीपीएस और कार्बन-डेटिंग उपकरण जैसी नयी तकनीकों का उपयोग किया गया।’’
हालांकि, प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि इस मौके पर मुस्लिम समुदाय के लोग मौजूद नहीं थे। मुस्लिम समुदाय के सदस्यों ने प्रथा के अनुसार, भारी पुलिस मौजूदगी के बीच स्थल पर शुक्रवार की नमाज अदा की।
इससे पहले एसपी सिंह ने कहा कि भोजशाला में सर्वेक्षण शुरू हो गया है। उन्होंने ‘पीटीआई-’ से कहा, ‘‘हमने एएसआई दल को इसके संचालन के लिए साजो-सामान संबंधी समस्त आवश्यक सहायता प्रदान की है। इस कार्य के दौरान सुरक्षा के लिए पर्याप्त कदम उठाए गए हैं और शहर में शांति है।’’
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Mar 22, 2024 05:06 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

