खंडवा (मप्र), 13 अक्टूबर मध्यप्रदेश के खंडवा में बृहस्पतिवार को पटकथा लेखक अशोक मिश्रा, गीतकार अमिताभ भट्टाचार्य एवं फिल्म निर्देशक विवेक रंजन अग्निहोत्री को क्रमश: वर्ष 2019, 2020 और 2021 के लिए प्रतिष्ठित राष्ट्रीय किशोर कुमार सम्मान से सम्मानित किया गया।
हरफनमौला कलाकार व पार्श्व गायक किशोर कुमार के नाम पर दिया जाने वाला यह पुरस्कार मध्यप्रदेश सरकार द्वारा प्रदान किया जाता है।
मध्य प्रदेश की संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री उषा ठाकुर ने एक समारोह में मिश्रा, भट्टाचार्य और अग्निहोत्री को इस सम्मान से सम्मानित किया। इसके तहत दो लाख रुपये का नकद पुरस्कार दिया जाता है।
उल्लेखनीय है कि खंडवा किशोर कुमार की जन्मभूमि है। अलंकरण समारोह के बाद संगीत संध्या का आयोजन किया गया, जिसमें प्रख्यात गायक देबोजीत साहा एवं ग्रुप, मुंबई ने प्रस्तुति दी।
मध्यप्रदेश संस्कृति विभाग ने उत्कृष्टता एवं सृजन को राष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित करने के मद्देनजर सिनेमा के क्षेत्र में निर्देशन, अभिनय, पटकथा तथा गीत लेखन के लिये वार्षिक राष्ट्रीय किशोर कुमार सम्मान की स्थापना वर्ष 1997 में की थी।
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने इस अलंकरण समारोह और संगीत संध्या को ऑनलाइन संबोधित करते हुए कहा कि पार्श्व गायक और अभिनेता किशोर कुमार जैसे व्यक्तित्व राष्ट्र की कला और संस्कृति को समृद्ध बनाने का कार्य करते हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश उनकी स्मृति को सदैव बरकरार रखेगा।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY