जरुरी जानकारी | कृत्रिम मेधा, स्टार्टअप पर केंद्रित प्रौद्योगिकी महाराष्ट्र की वृद्धि की नींव बनेगी: मुख्यमंत्री

मुंबई, 28 फरवरी महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेन्द्र फडणवीस ने शुक्रवार को कहा कि राज्य सरकार वित्तीय प्रौद्योगिकी (फिनटेक) और कृत्रिम मेधा (एआई) स्टार्टअप को बढ़ावा देने के लिए विशेष प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य राज्य को 1,000 अरब डॉलर की अर्थव्यवस्था बनाना है।

‘मुंबई टेक वीक-2025’ के उद्घाटन के मौके पर उन्होंने कहा कि प्रौद्योगिकी इस आर्थिक वृद्धि की नींव के रूप में काम करेगी और सरकार राज्य को स्टार्टअप और प्रौद्योगिकी क्षेत्र में अग्रणी के रूप में स्थापित कर रही है।

कार्यक्रम में लोकमत समूह के संयुक्त प्रबंध निदेशक ऋषि दर्डा ने मुख्यमंत्री का साक्षात्कार लिया।

उन्होंने कहा, “मेरी सरकार 1,000 अरब डॉलर की अर्थव्यवस्था के लिए वित्तीय प्रौद्योगिकी और एआई स्टार्टअप को गति देने के लिए विशेष प्रयास कर रही है। प्रौद्योगिकी इस वृद्धि की नींव का काम करेगी।”

अधिकारियों ने बताया कि कार्यक्रम में फडणवीस की मौजूदगी में प्रौद्योगिकी और नवाचार को बढ़ावा देने के लिए कुछ महत्वपूर्ण सहमति पत्रों पर हस्ताक्षर किए गए।

मुंबई महानगर क्षेत्र विकास प्राधिकरण ने एनपीसीआई के वैश्विक मुख्यालय के लिए यहां ‘बांद्रा कुर्ला कॉम्प्लेक्स’ (बीकेसी) में भूमि आवंटित करने के लिए भारतीय राष्ट्रीय भुगतान निगम (एनपीसीआई) के साथ एक सहमति पत्र पर हस्ताक्षर किए।

सरकार की ‘आपले सरकार’ पहल के तहत व्हाट्सएप चैटबॉट विकसित करने के लिए राज्य के सूचना प्रौद्योगिकी विभाग और प्रौद्योगिकी कंपनी मेटा के बीच एक समझौता हुआ।

कौशल विकास, रोजगार, उद्यमिता और नवाचार विभाग ने ज्ञान एआई केंद्र स्थापित करने के लिए टीम के साथ एक समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए।

राज्य सरकार ने उद्यमिता और नवाचार को बढ़ावा देने के लिए एक ‘उद्यमी संग्रहालय’ की स्थापना की भी घोषणा की।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)