खेल की खबरें | आईपीएल के बीच में आर्चर की कोहनी की सर्जरी, इस सप्ताह खेलने के लिये फिट

लंदन, 26 अप्रैल इंग्लैंड के तेज गेंदबाज जोफ्रा आर्चर का आईपीएल के बीच में कोहनी का छोटा आपरेशन हुआ । मुंबई इंडियंस के लिये खेलते समय उनकी पुरानी चोट फिर उभर आई थी और वह 19 दिन से ब्रेक पर थे ।

ब्रिटिश अखबार ‘ डेली टेलिग्राफ’ के अनुसार आर्चर सर्जरी के लिये बेल्जियम गए थे । उनकी सर्जरी एंटवर्प के मशहूर सर्जन रोजर वान रियेत ने की जो कोहनी के विशेषज्ञ हैं ।

अब वह रविवार को राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ खेलने के लिये फिट हैं ।

उन्होंने आरसीबी के खिलाफ मुंबई इंडियंस का पहला मैच खेला था और चार ओवर में 33 रन दिये थे । उन्हें उस मैच में कोई विकेट नहीं मिली । इसके बाद वह 19 दिन ब्रेक पर थे और वापसी करते हुए पंजाब के खिलाफ चार ओवर में 42 रन दे डाले जबकि एक ही विकेट मिली ।

आर्चर को मुंबई ने आठ करोड़ रूपये में खरीदा था लेकिन कोहनी की दिक्कत के कारण वह पिछला पूरा सत्र नहीं खेल सके ।

बेल्जियम में हुआ आपरेशन पिछले 25 महीने में उनका पांचवां आपरेशन है ।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)