पुडुचेरी, 30 मार्च मुख्यमंत्री एन. रंगासामी द्वारा पेश किए गए विनियोग (लेखानुदान) विधेयक को पारित करने के बाद पुडुचेरी विधानसभा की कार्यवाही बुधवार को अनिश्चित काल के लिए स्थगित कर दी गई।
विधेयक में आगामी वित्तीय वर्ष में अप्रैल से अगस्त तक पांच महीने के लिए 3,613.66 करोड़ रुपये आवंटित किए गए हैं।
सदन की कार्यवाही करीब दो घंटे चली। इस दौरान विनियोग (लेखानुदान) विधेयक को पारित किया गया, जिसमें अप्रैल से अगस्त 2022 तक पांच महीनों के लिए धनराशि निर्धारित की गई और वित्तीय वर्ष 2021-2022 के लिए अनुदान की अनुपूरक मांग को भी मंजूरी दी गई।
मुख्यमंत्री के विधेयक पेश करते ही, सत्ता पक्ष तथा विपक्ष दोनों के सदस्यों ने बेरोजगार युवाओं की समस्याओं, सड़कों तथा स्वास्थ्य देखभाल सुविधाओं जैसे बुनियादी ढांचे की उपलब्धता से संबंधित कई मुद्दों को उठाया।
सरकार और विपक्षी दोनों पक्ष के सदस्यों ने पुडुचेरी में गांजा तथा अन्य मादक पदार्थों की ‘‘बड़े पैमाने पर’’ उपलब्धता और बेरोजगार युवाओं के मादक पदार्थों के तस्करों के चुंगल में फंसने को लेकर भी चिंता व्यक्त की।
सरकारी सचेतक (व्हीप) ए.के.डी. अरुमुघम ने कहा कि क्षेत्रीय प्रशासन, गांजा से संबंधित मामलों से निपटने के लिए एक पुलिस अधीक्षक के नेतृत्व में पुलिस विभाग में एक अलग प्रकोष्ठ बनाए।
इससे पहले, विपक्षी दल द्रमुक और कांग्रेस के सदस्यों ने एक दिन के लिए सत्र आयोजित करने और पूर्ण बजट पेश किए बिना लेखानुदान को अपनाने के खिलाफ कड़ा विरोध किया और तख्तियां लहराते हुए सदन से बहिर्गमन किया। हालांकि, कुछ समय बाद वे सदन में लौट आए और आगे की कार्यवाही में हिस्सा लिया।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)










QuickLY