नयी दिल्ली, 23 जून तेलंगाना के मंत्री के.टी. रामा राव ने शुक्रवार को कहा कि कांग्रेस या भाजपा को आधार बनाकर कोई भी संयुक्त मोर्चा सफल नहीं होगा क्योंकि ये राष्ट्रीय पार्टियां देश के लिए “आपदा” रही हैं।
उन्होंने कहा कि यही कारण है उनकी पार्टी बीआरएस पटना में विपक्ष की अहम बैठक में अनुपस्थित रही।
उन्होंने संवाददाताओं से कहा, “ये दोनों राष्ट्रीय पार्टियां देश के लिए बहुत बड़ी आपदा रही हैं। उन्हें आधार के रूप में रखने का कोई मतलब नहीं है। पार्टियों को नहीं लोगों को एकजुट करना जरूरी है। पार्टियां पहले भी एकजुट हुई हैं और असफल रहीं...।”
तेलंगाना के मुख्यमंत्री के. चंद्रशेखर राव के बेटे राव, दक्षिणी राज्य से संबंधित मुद्दों पर चर्चा करने के लिए केंद्रीय मंत्रियों से मुलाकात करने के वास्ते राष्ट्रीय राजधानी में हैं।
उन्होंने आगे कहा,“अगर इन दोनों राष्ट्रीय पार्टियों के साथ अन्य पार्टियां भी शामिल हो जाएंगी तो देश को कोई फायदा नहीं होगा।”
मंत्री की यह टिप्पणी तब आई है जब 17 विपक्षी दलों ने शुक्रवार को भाजपा को हराने के लिए 2024 का लोकसभा चुनाव एकजुट होकर लड़ने और अपने मतभेदों को भुलाकर लचीलेपन के साथ काम करने का संकल्प लिया।
राव ने कहा कि उनकी पार्टी भारत राष्ट्र समिति (बीआरएस) ने हमेशा कहा है कि पार्टियों को जन-केंद्रित मुद्दे के आधार पर एकजुट होना चाहिए।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY