जरुरी जानकारी | सौर-पैनल के लिए चीन से आयातित एल्यूमिनियम ढांचों के मामले में डंपिंग-रोधी जांच शुरू

नयी दिल्ली, पांच जुलाई भारत ने सौर पैनल के लिए चीन से आयातित एल्यूमिनियम के ढांचों के मामले में डंपिंग-रोधी जांच शुरू की है। एक अधिसूचना में दी गई जानकारी के अनुसार, यह कार्रवाई एक घरेलू विनिर्माता की शिकायत के बाद शुरू की गई है।

वाणिज्य मंत्रालय की जांच इकाई व्यापार उपचार महानिदेशालय (डीजीटीआर) चीन में निर्मित या वहां से आयातित ‘सौर पैनलों के लिए एल्यूमिनियम ढांचों’ की कथित डंपिंग की जांच कर रहा है।

जांच के लिए आवेदन विशाखा मेटल्स ने दिया था।

डीजीटीआर ने एक अधिसूचना के अनुसार शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया है कि चीन द्वारा भारत में लंबे समय से भारी मात्रा में काफी कम कीमतों पर उत्पाद का निर्यात किया जाता है और इसका उद्योग पर प्रतिकूल असर पड़ रहा है।

अधिसूचना में कहा गया, “घरेलू उद्योग द्वारा प्रमाण के साथ लिखित आवेदन के आधार पर... प्राधिकरण ने डंपिंग रोधी जांच शुरू की है।”

अगर जांच में डंपिंग और उसके कारण घरेलू कंपनियों को नुकसान की बात साबित होती है, डीजीटीआर डंपिंग रोधी शुल्क लगाने की सिफारिश करेगा। इस बारे में अंतिम निर्णय वित्त मंत्रालय करेगा।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)