नयी दिल्ली, 16 मार्च समूचे भारत में 12-14 साल के उम्र के बच्चों के लिए बुधवार को कोविड रोधी टीकाकरण अभियान शुरू कर दिया गया। हालांकि मध्य प्रदेश में इसका आगाज़ आज नहीं हो सका जहां अग्रिम पंक्ति के कर्मियों को जरूरी प्रशिक्षण के बाद 22 मार्च से टीकाकरण शुरू किया जाएगा।
इस अभियान में 12-14 आयु वर्ग के बच्चों को बायोलॉजिटकल ई का ‘कॉर्बेवैक्स’ का टीका लगाया जाएगा। एक मार्च 2021 तक देश में 12 और 13 साल आयु वर्ग के बच्चो की संख्या 4.7 करोड़ थी।
इसी के साथ 60 वर्ष की आयु से अधिक उम्र के सभी लोग कोविड रोधी टीके की ‘एहतियाती’ खुराक लगवाने के पात्र हैं। उन्हें दूसरी खुराक लगवाने के नौ महीने बाद तीसरी खुराक लगाई जाएगी।
इस मौके पर, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि देश कोविड महामारी से लड़ने के लिए बेहतर स्थिति में है, लेकिन लोगों को सभी सावधानियों का पालन करते रहना चाहिए।
उन्होंने कहा, "हमने अपने नागरिकों की सुरक्षा और महामारी के खिलाफ अपनी लड़ाई को मजबूत करने के लिए 2020 की शुरुआत में टीके बनाने का काम शुरू किया।"
प्रधानमंत्री ने ट्विटर पर कहा कि भारत का टीकाकरण अभियान दुनिया में सबसे बड़ा और विज्ञान पर आधारित है और देश में अब तक कोविड-19 रोधी टीके की 180 करोड़ से अधिक खुराक दी गई हैं, जिनमें से 15-17 आयु वर्ग के किशोरों को दी गई नौ करोड़ से अधिक खुराकें और दो करोड़ से अधिक ‘एहतियाती खुराकें’ भी शामिल हैं।
मोदी ने कहा, ‘‘देश के नागरिकों के टीकाकरण में भारत के प्रयासों के लिहाज से आज का दिन महत्वपूर्ण है। अब 12-14 आयु वर्ग के किशोर टीकों के पात्र हो गए हैं और 60 से अधिक उम्र के लोग भी ‘एहतियाती खुराक’ ले सकेंगे। मैं इन आयु वर्ग के लोगों से टीका लगाने का अनुरोध करता हूं।’’
राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम), मध्यप्रदेश के संचालक टीकाकरण डॉ. संतोष शुक्ला ने बुधवार को बताया कि राज्य में कोविड टीकाकरण का विस्तार करते हुए 12 से 14 साल आयुवर्ग के करीब 30 लाख किशोरों को 22 मार्च के बाद से टीका लगाया जाएगा।
शुक्ला ने ‘’ को बताया, ‘‘मध्यप्रदेश में 12 से 14 साल आयु वर्ग के करीब 30 लाख किशोर/किशोरियां हैं। हम उन्हें 22 मार्च के बाद कोविड-19 रोधी टीका लगाएंगे।’’
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY